बहादुरगढ़। सप्ताह भर पहले जिले के दो पेट्रोल पंपों पर डकैती डालने वाले बदमाशों में से एक को एसटीएफ बहादुरगढ़ ने माजरा गांव के पास से गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी ने खुलासा किया है कि पेट्रोल पंपों के कर्मियों पर हथोड़े से वार करके डकैती करने वाले सभी झज्जर के पॉलिटेक्निक के छात्र हैं। आरोपियों में कोई इलेक्ट्रिकल, कोई सिविल और मेकेनिकल ट्रेड का छात्र है। गिरफ्तार आरोपी इलेक्ट्रिकल ट्रेड में द्वितीय वर्ष के तीसरे सेमेस्टर का छात्र है। शुक्रवार को एसटीएफ के डीएसपी कप्तान सिंह ने पत्रकार वार्ता में पूरे मामले की जानकारी दी।
बता दें कि 23-24 नवंबर की रात को पहली वारदात झज्जर के सोलंकी फिलिंग स्टेशन और दूसरी वारदात बहादुरगढ़ के नूना माजरा गांव के पास स्थित अखिल फिलिंग स्टेशन पर हुई थी। दोनों घटनाओं में 5-6 बदमाशों ने पंप के कर्मचारियों पर हथौड़ों, डंडो और लोहे की रॉड से वार करके साढ़े चार लाख और 40 हजार लूटने की घटना को अंजाम दिया था। अखिल फिलिंग स्टेशन पर नूना माजरा निवासी श्रीभगवान, सिलोठी निवासी रमेश उर्फ रामू और दुल्हेड़ा निवासी दीपक ड्यूटी पर थे। श्रीभगवान ऑफिस में बैठा था और रमेश व दीपक दूसरे कमरे में थे। इसी दौरान तीन युवक पहुंचे और उन्होंने हमला बोल दिया। इस हमले में श्रीभगवान बेसुध हो गया। बदमाश श्रीभगवान की जेब और अलमारी में रखे करीब 50 हजार रुपये निकाल ले गए।
शोर सुनकर दूसरे कमरे से दीपक व रमेश आए तो बदमाशों ने उन पर भी हमला बोल दिया था। पुलिस आरोपियों की कई दिनों से तलाश कर रही थी। घटना में शामिल एक आरोपी एसटीएफ के हत्थे चढ़ गया और उसने पूरी वारदात का खुलासा कर दिया। डीएसपी कप्तान सिंह ने कहा कि घटना के अन्य आरोपी भी जल्द पुलिस की पकड़ में होंगे।
झज्जर में की थी प्लानिंग
एसटीएफ की पकड़ में आए आरोपी डिंपल निवासी झज्जर ने पुलिस के सामने खुलासा किया है कि वह और घटना में शामिल अन्य साथी झज्जर में ही एक कमरे पर रहते हैं और झज्जर के पॉलिटेक्निक में अलग-अलग ट्रेड में पढ़ते हैं। वह इलेक्ट्रिकल ट्रेड में द्वितीय वर्ष के तीसरे सेमेस्टर का छात्र है। सभी ने मिलकर इस घटना को अंजाम देने का प्लान बनाया था। इस वारदात में सचिन और निशांत के अलावा अन्य कई शामिल हैं। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से वारदात में प्रयोग की गई कार के अलावा 315 बोर का पिस्तौल और दो जिंदा रौंद बरामद किए हैं।