झज्जर। सर्दी का मौसम शुरू होने के बाद कोहरे और रात के समय हाईवे किनारे खड़े रहने वाले वाहन दुर्घटनाओं का कारण बन रहे हैं। लेकिन पुलिस प्रशासन की तरफ से कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है। अक्सर ढाबों के सामने भारी वाहनों को उनके चालक ओवर लोड होने के कारण सड़क पर ही खड़ा कर देते हैं। रात के समय इनके इंडीकेटर तक नहीं जलाए जाते हैं। जिसकी वजह से अगर सामने से कोई वाहन आ जाता है तो सड़क पर खड़े ये वाहन लाइटों के कारण कुछ भी दिखाई नहीं देता और वाहन सड़क पर खड़ी गाड़ियों से टकरा जाते हैं। जिससे लोगों की जान चलीं जाती हैं। जिला की अधिकांश सड़कों पर बनाए गए ढाबों और दुकानों के सामने दिन ही नहीं रात के समय भी काफी संख्या में वाहन खड़े रहते हैं। भारी वाहन ओवर लोड होने के कारण चालान से बचने के चक्कर में यहां पर खड़े रहते हैं। आरटीए या एसडीएम के चालान काटने की सूचना मिलते ही सड़कों पर इन वाहनों के पहिए थम जाते हैं। जब तक अधिकारी के जाने की सूचना नहीं मिलती उस समय तक ये सड़कों पर खड़े रहते हैं।
कबलाना गांव में हुई थी दो लोगों की मौत
पिछले सप्ताह कबलाना गांव में सड़क पर खड़े ट्रक के साथ स्कार्पियों गाड़ी की टक्कर हो गई थी। जिसमें दो लोगों की मौत हो गई थी। इसी प्रकार कुछ माह पूर्व झज्जर गुरुकुल के पास एक बाइक की टक्कर सड़क पर खड़े ट्रक से हो गई थी। इस घटना में भी एक बाइक चालक की मौत हो गई थी। जिला में इससे पहले भी अनेक लोगों की जान सड़क पर खड़े रहने वाले वाहनों के साथ टक्कर के दौरान हो चुकी है। अधिकांश समय सड़क पर खड़े रहने वाले वाहनों के इंडीकेटर तक नहीं जलते हैं। पुलिस प्रशासन की तरफ से इन वाहनों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की जाती रही है। घटनाओं के समय वाहन चालकों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनके खिलाफ ही कार्रवाई की जाती है।
सड़कों और ब्रेकरों से सफेद पट्टी भी गायब
नेशनल हाईवे हो या अन्य सड़कें इन पर काफी स्थानों पर रात और कोहरे के दौरान गाड़ी चालकों के लिए सहारा बनने वाली सफेद पट्टी भी गायब है। झज्जर जिला में सड़कों की बात की जाए तो सुगम यातायात के लिए तीन नेशनल हाईवे, एक स्टेट हाईवे, एमडीआर और ओडीआर रोड सहित करीब 1800 किलोमीटर की सड़कें हैं। जिला में अधिकांश सड़कों की हालत ठीक है। जिसकी वजह से वाहन चालक स्पीड में चलते हैं। जिसके कारण सफेद पट्टी गायब होने और सड़कों पर बिना इंडीकेटर वाले वाहनों के कारण दुर्घटनाओं का शिकार हो जाते हैं। नियमानुसार 18 फुट तक चौड़ाई वाली सड़कों पर ही सफेद पट्टी लगाई जाती है। लेकिन काफी सड़कों पर अनेक स्थानों से सफेद पट्टी गायब हो चुकी है।
रात के समय इन वाहनों को चेक किया जाएगा और सड़क पर खड़े मिले तो इनके चालान भी किए जाएंगे। वाहन चालकों को से भी आह्वान है कि अगर किसी कारण से वाहन को खड़ा भी करना पड़ेे तो पार्किंग लाइट चालू कर दें और वाहन को सड़क से नीचे खड़ा करें।
- विरेंद्र सिंह, एसएचओ यातायात पुलिस, झज्जर।