बहादुरगढ़। हाल ही में भिवानी में हुई अंतर विश्वविद्यालय कुश्ती प्रतियोगिता में बहादुरगढ़ कॉलेज का हितेश छाया रहा। हितेश ने प्रतियोगिता में कांस्य पदक हासिल किया। मंगलवार को कॉलेज परिसर में हितेश का अभिनंदन किया गया।
गत 15 से 19 नवंबर तक भिवानी स्थित चौधरी बंसीलाल विश्वविद्यालय में अखिल भारतीय अंतर विश्वविद्यालय कुश्ती प्रतियोगिता का आयोजन हुआ। इस प्रतियोगिता में बहादुरगढ़ कॉलेज के बीए सेकेंड ईयर के छात्र हितेश ने महर्षि दयानंद यूनिवर्सिटी का प्रतिनिधित्व किया। हितेश ने 57 किलोग्राम में जोर आजमाइश की। पहले राउंड में गुजरात के पहलवान को 10-0 से हराया। इसके बाद दूसरे राउंड में कर्नाटक विश्वविद्यालय के पहलवान को भी 10-0 से शिकस्त दी।
तीसरे राउंड में दिल्ली के पहलवान को 5-3 से हराया। चौथे चरण में इंदौर के पहलवान को 8-6 से, क्वार्टर फाइनल में बंगाल के पहलवान को 10-2 से हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया। सेमीफाइनल में हितेश का मुकाबला पुणे के पहलवान से हुआ, जिसमें हितेश 12-7 के अंतर से हार गया। इसके बाद तीसरे पायदान के लिए हितेश का मुकाबला कुुरुक्षेत्र के पहलवान से हुआ, जिसमें हितेश ने 7-3 से जीत दर्ज कांस्य पदक अपने नाम किया।
हितेश की जीत से कॉलेज स्टाफ और छात्रों में खुशी की लहर दौड़ गई। मंगलवार को कॉलेज में एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में पहलवान हितेश का जोरदार अभिनंदन किया गया। प्राचार्य डॉ. जयपाल कौशिक, उपप्रचार्य केसी सांगवान व शारीरिक शिक्षा के प्राध्यापक डॉ. अमित छिकारा ने हितेश को बधाई दी और उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। प्रोफेसर छिकारा ने कहा कि हितेश बेहद अच्छा पहलवान है। इससे पहले भी जीत दर्ज कर कॉलेज का मान बढ़ा चुका है।