चरखी दादरी। गांव रावलधी निवासी किसान ने जलभराव से नष्ट हुई फसल के मुआवजे की मांग की है। किसान ने खेत से पानी निकासी की भी मांग की है ताकि वह अगली रबी की फसलों की बिजाई कर सके। गांव रावलधी निवासी अनिल पुत्र रण सिंह ने बताया पानी जमा होने के कारण उसके खेत में खड़ी धान की फसल बर्बाद हो चुकी है। पीड़ित किसान ने पानी निकासी के लिए प्रशासन के समक्ष गुहार लगाई है। अनिल ने बताया कि उसकी डेढ़ एकड़ जमीन गांव रावलधी आईटीआई के पास है। इसमें उसने धान की रोपाई की थी। कुछ दिन पहले हुई बारिश से उसकेे खेतों में पानी जमा हो गया। इस कारण उसकी फसल जलभराव से खराब हो गई है। किसान ने बताया कि उसने अपने स्तर पर भी पानी निकासी की कोशिश की लेकिन बात नहीं बनी। किसान ने बताया कि अगर जल्द ही खेतों से पानी नहीं निकाला गया तो रबी की फसलों की भी वह बिजाई नहीं कर सकेगा।