अमर उजाला ब्यूरो
बहादुरगढ़।
इलाके के किसान इस बार अपना गेहूं बहादुरगढ़ मंडी में एक अप्रैल से समर्थन मूल्य पर नहीं बेच पाएंगे। रविवार को मंडी बंद रहेगी। इसलिए सोमवार से आढ़ती गेहूं खरीदने को तैयार हैं। लेकिन आवक पांच अप्रैल के बाद ही सही ढंग से आरंभ होने की संभावना है। एक अप्रैल को अवकाश के कारण खरीद सोमवार से आरंभ की जा सकेगी।
मार्केट कमेटी के आक्शन रिकार्डर अनिल शर्मा ने बताया कि खरीद एजेंसियों हैफेड व खाद्य आपूर्ति विभाग ने खरीदने के लिए तैयारी कर ली है। लेकिन गेहूं की सही ढंग से आवक पांच अप्रैल के बाद ही शुरू होने की संभावना है। आरंभ के दो-तीन दिन ज्यादा नमीयुक्त गेहूं मंडी में आएगा तो उसको तुरंत खरीदना मुश्किल हो जाएगा। लेकिन एक-दो दिन धूप लगने से नमी दूर हो जाएगी और किसानों से गेहूं खरीद लिए जाएंगे।
बहादुरगढ़ मंडी में बहादुरगढ़ के करीब 20 गांवों के अलावा दिल्ली के भी तीन-चार पड़ोसी गांवों के किसान गेहूं बेचने आते हैं। आढ़ती एसोसिएशन के प्रधान प्रदीप गुप्ता ने बताया कि इन गांवों में कानोन्दा, कुलासी, बामनोली, खैरपुर, मुकुंदपुर, बालोर, नूना माजरा, लोवा खुर्द, लोवा कलां, सिद्दीपुर, कसार, सराय औरंगाबाद, टांडाहेड़ी, मांडोठी, शाहपुर, देशलपुर, नयागांव, सोलधा, बराही व जाखोदा शामिल हैं। गुप्ता ने बताया कि खरीद शुरू करने से पहले सभी इंतजाम दुरुस्त करने के लिए उन्होंने संजय सिंगल को एसोसिएशन का सचिव और मुकेश मित्तल को कोषाध्यक्ष मनोनीत किया है। एसोसिएशन का प्रयास रहेगा कि किसानों को गेहूं बेचने में किसी तरह की दिक्कत न आए। समय पर भुगतान किया जाएगा। बादली, आसौदा व छारा में भी गेहूं के सरकारी खरीद केंद्र बनाए गए हैं। बादली केंद्र में भी 18-20 गांवों के किसान गेहूं बेचने आते हैं।