अमर उजाला ब्यूरो
झज्जर।
एक सुधार और कार्यक्रम के तहत अब हर माह प्रदेश सरकार अगले दो साल में प्रत्येक जिले में नई घोषणा पर काम करते हुए जनहितकारी कदम उठाएगी। यह जानकारी हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने सोमवार को झज्जर स्थित संवाद भवन में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में दी। उन्होंने कहा कि पिछले तीन वर्षों में सरकार ने जितनी भी घोषणाएं जिलेभर में की हैं उन पर अधिकांश कार्य पूरा हो चुका है और शेष बची घोषणाओं पर तेजी से काम चल रहा है। संवाददाता सम्मेलन के दौरान कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री ओम प्रकाश धनखड़ भी साथ रहे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हर वर्ग के हितों की सोच रखते हुए सरकार काम कर रही है और बिना किसी भेदभाव के वे पूरे प्रदेश के सभी विधानसभा क्षेत्रों का दौरा कर करोड़ों रुपये की विकास योजनाओं का लाभ प्रदेशवासियों को दे चुके हैं। उन्होंने कहा कि किसानों की आय बढ़ाने के लिए ई-मंडी सेवा शुरू की है और किसानों को उनकी फसल के उचित भाव देने का काम प्रदेश सरकार ने किया है। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार जनता के बीच जो वादे कर रही है उसे पूरा भी किया जा रहा है। पूर्व की सरकारों द्वारा आधी अधूरी योजनाओं के कारण प्रदेशवासियों को हो रही परेशानी से निजात दिलाने का काम मौजूदा सरकार द्वारा किया जा रहा है। विकासात्मक कदम बढ़ाते हुए योजनाओं का लाभ जन-जन तक पहुंचाने का काम प्रदेश सरकार ने किया है और मौजूदा सरकार व्यवस्था परिवर्तन की दिशा में काम कर रही है।
इस मौके पर रोहतक मंडल आयुक्त चंद्रप्रकाश, उपायुक्त सोनल गोयल, एसएसपी बी. सतीश पालन, एएसपी हिमांशु गर्ग, एसडीएम झज्जर प्रदीप कौशिक, भाजपा जिलाध्यक्ष बिजेंद्र दलाल, भाजपा एससी मोर्चा के प्रदेश महामंत्री डॉ. धमेंद्र बबलू मौजूद रहे।
‘एक सुधार और’ से प्रत्येक जिले में हर माह होगी नई घोषणा : मनोहर लाल
झज्जर संवाद भवन में संवाददाता सम्मेलन में पहुंचे मुख्यमंत्री
-----------
फोटो संख्या-5