जाट आंदोलन की सुगबुगाहट से जिला प्रशासन सतर्क हो गया है। जाट आरक्षण संघर्ष समिति के द्वारा 29 जनवरी से भदानी मोड़ के राशलवाला चौक पर शांतिपूर्वक धरना शुरू किए जाने की बात कही जा रही है। इसके लिए समिति की ओर से जिला प्रशासन को भी अवगत करा दिया गया है। समाज के नेताओं के द्वारा धरने को सफल बनाने के लिए बाकायदा गांवों में प्रचार भी किया जा रहा है। वहीं प्रशासन भी जाट आंदोलन को लेकर रणनीति बनाने में जुट गया है। जिला प्रशासन की ओर से आरक्षण आंदोलन से निपटने के लिए चाक-चौबंद प्रबंध किए जा रहे हैं। इसी संदर्भ में एसपी भी थाना प्रभारियों की मीटिंग ले चुके हैं।
रद्द की सरकारी कर्मचारियों की छुट्टियां
उपायुक्त आर सी बिढ़ाण ने जिले के सभी विभागाध्यक्षों को आदेश जारी करते हुए कहा है कि आगामी आदेशों तक उनके अधीनस्थ अधिकारी व कर्मचारी जिला मुख्यालय पर उपस्थित रहेंगे। उपायुक्त ने कहा कि तुरंत प्रभाव से सभी अधिकारियों व कर्मचारियों की छुट्टी रद्द कर दी गई हैं। सभी अधिकारी व कर्मचारी सरकारी छुट्टी के दिन भी जिला मुख्यालय पर ही रहेंगे। उपायुक्त की पूर्वानुमति के बिना कोई भी अधिकारी व कर्मचारी जिला मुख्यालय नहीं छोड़ेगा।
हर समय मोबाइल चालू रखें अधिकारी
उपायुक्त ने कहा कि कुछ संगठनों की ओर से आरक्षण की माग को लेकर धरना व प्रदर्शन आदि किए जाने की आशंका है। कानून व्यवस्था व शांति का माहौल बनाए रखने के लिए किसी भी अधिकारी व कर्मचारी की सेवाओं की जरूरत किसी भी समय पड़ सकती है। इसलिए सभी अधिकारियों व कर्मचारियों को अपना मोबाइल फोन भी चालू रखने की हिदायत दी गई है। उन्होंने कहा कि जो अधिकारी व कर्मचारी फि लहाल अवकाश पर है, वे भी अपना अवकाश रद्द समझें और तुरंत अपने कार्यालय में उपस्थिति दर्ज कराएं।
वर्जन
आरक्षण के हक की खातिर जाट आरक्षण संघर्ष समिति के बैनर तले जाट समाज के लोग भदानी मोड़ के राशलवाला चौक पर 29 जनवरी से अपना धरना शुरू करेंगे। धरना पूरी तरह से शांतिपूर्वक रहेगा। राष्ट्रीय अध्यक्ष यशपाल मलिक के द्वारा ऐलान कर दिया गया है कि भाजपा सरकार की वायदा खिलाफी का सभी प्रदेशों में जवाब दिया जाएगा।
- जितेंद्र रईया, जिला प्रधान, जाट आरक्षण संघर्ष समिति।
जाट आरक्षण आंदोलन को देखते हुए कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी कर्मचारियों की छुट्टियां रद्द कर दी गई हैं। प्रशासन के द्वारा आपात स्थिति से निपटने के लिए पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।- आरसी बिढाण, डीसी, झज्जर।