झज्जर। जिला पुलिस ने शराब तस्करी के अवैध धंधे की रोकथाम के लिए चलाई गई विशेष मुहिम में इस साल अब तक आबकारी अधिनियम के तहत 235 मामले दर्ज किए और अवैध शराब के साथ 276 आरोपियों को काबू किया।
एसपी डॉ. अर्पित जैन के दिशा निर्देशानुसार जिला में चलाए गए अभियान के दौरान भारी मात्रा में अंग्रेजी, देशी व बियर की भारी मात्रा में अवैध शराब की बरामदगी की गई। सार्वजनिक स्थानो पर शराब पीकर हुड़दंग करके आमजन के लिए बाधा एवं परेशानी उत्पन्न करने के 165 मामलों में 201 आरोपियों को काबू किया गया और केस दर्ज किए गए। एसपी डॉ. अर्पित जैन ने बताया कि जिला के सभी थानों द्वारा आपस में सूचनाओं का आदान-प्रदान के साथ कड़ी निगाह रखी जा रही है। शराब की तस्करी से संबंधित कोई भी सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस द्वारा अविलंब कार्रवाई अमल में लाई जाती है। जिसके परिणाम स्वरूप जिला पुलिस की विभिन्न टीमों द्वारा भारी मात्रा में अवैध शराब की बरामदगी की गई। शराब की तस्करी के अवैध धंधे में लिप्त दोषियों की धरपकड़ के लिए चलाया जा रहा अभियान लगातार जारी रहेगा।