बराही फाटक के नजदीक भरा बरसाती पानी।
- फोटो : Bahadurgarh
बहादुरगढ़। कई दिनों से आसमान में उमड़ रहे बादल शनिवार की सायं बरस गए। बारिश के बाद जहां तापमान में गिरावट दर्ज की गई। वहीं मौसम भी पूरी तरह सुहावना हो गया। बारिश के बाद बदले मौसम से क्षेत्रवासियों ने उमस भरी गर्मी से राहत की सांस ली। मौसम विभाग के अधिकारियों की मानें तो अभी बारिश का मौसम बना रहेगा। रविवार को भी बारिश के आसार हैं। अधिकतम तापमान जहां 35 डिग्री दर्ज किया गया वहीं न्यूनतम तापमान भी 27 डिग्री पर पहुंच गया।
शनिवार की सायं सवा चार बजे शुरू हुई बारिश पौने घंटे तक हुई। बारिश की मात्रा 27 एमएम दर्ज की गई है। बारिश के बाद शहर की निचली कॉलोनियों सैनीपुरा, पॉश इलाके सेक्टर-6, महाबीर पार्क, ओमेक्स सिटी और एमआइई के नजदीक छोटूराम नगर में बारिश का पानी भर गया। इससे लोगों को आवागमन में काफी परेशानी हुई। सेक्टर-6 में पानी की निकासी सही तरीके से नहीं होने के कारण हल्की बारिश में भी इस तरह की समस्या आती है।
सेक्टर-6 निवासियों का कहना है कि प्रशासन को चाहिए कि सेक्टर-6 में पानी की निकासी के इंतजाम कराए जाएं, ताकि लोगों को बारिश के सीजन में पानी भरने की समस्या का सामना न करना पड़े। वहीं सैनीपुरा में भी हल्की बरसात के बाद काफी पानी भर जाता है। लाइनपार क्षेत्र में बराही फाटक के नजदीक एक से डेढ़ फुट तक पानी जमा होने से लोगों और दुकानदारों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। यहां के दुकानदार रमेश कुमार, संजीत ने बताया कि बराही फाटक के नजदीक काफी निचला इलाका है। हल्की बरसात के बाद पानी भर जाता है। पानी की निकासी के लिए काफी समय लगता है। इससे लोगों को परेशानी उठानी पड़ती है।