भदानी गांव के एक ईंट भट्ठे पर पुलिस ने छापेमारी कर 27 बांग्लादेशी नागरिकों को पकड़ा। ये सभी पिछले तीन महीनों से भट्ठे पर काम कर रहे थे। पुलिस ने सभी को हिरासत में लेकर डिटेंशन सेंटर भेज दिया है। अधिकारियों के अनुसार, जल्द ही इन्हें बांग्लादेश वापस भेजने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
झज्जर के भदानी गांव में एक ईंट-भट्ठे से शनिवार को 27 बांग्लादेशी नागरिकों को पकड़ा गया है। केंद्रीय खुफिया विभाग और जिला पुलिस की टीम ने मिलकर अभियान चलाकर यह सफलता हासिल की। पूछताछ के दौरान अवैध रूप से रह रहे 27 बांग्लादेशियों के पास बांग्लादेश के दस्तावेज बरामद हुए हैं, जिसके बाद इनको डिटेंशन सेंटर बनाकर वहां छोड़ा गया है। इनमें 8 महिलाएं, 6 पुरुष और 13 बच्चे शामिल हैं। बच्चों में 10 लड़के व तीन लड़कियां हैं।
विज्ञापन
खुफिया विभाग ने सूचना के आधार पर की कार्रवाई
खुफिया विभाग को जानकारी मिली थी कि भदानी स्थित राम ईंट-भट्ठा कंपनी पर बांग्लादेशी नागरिक काम कर रहे हैं। इसके बाद खुफिया विभाग व पुलिस ने छापा मारकर इन अवैध बांग्लादेशियों को पकड़ लिया। पूछताछ के दौरान पता चला कि सभी ने अवैध तरीके से भारत में एंट्री ली थी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। इन सभी के पास बांग्लादेश के नेशनल आईडी कार्ड बरामद हुए हैं।
बीते तीन माह से कर रहे थे काम
पूछताछ में सामने आया है कि सभी बांग्लादेशी तीन माह पहले यहां पर आए थे और ईंट-भट्ठे पर काम कर रहे थे। सभी यहीं पर रह रहे थे। पुलिस व खुफिया विभाग को बांग्लादेशियों के होने की सूचना मिलने पर भट्ठे पर जाकर जांच की गई तो सभी को पकड़ा गया। अब सभी को डिटेंशन सेंटर में रखा गया है। यह सेंटर छारा चुंगी के पास धर्मशाला में बनाया गया है। अब इन सभी को इनके देश भेजने की व्यवस्था की जाएगी।