झज्जर। कोरोना संक्रमण के फैलाव को रोकने के लिए महामारी अलर्ट, सुरक्षित हरियाणा के नियमों का पालन सुनिश्चित करने के लिए पुलिस की विभिन्न टीमें जिले में मुस्तैदी से तैनात हैं। टीमों ने शहर के अलावा ग्रामीण क्षेत्र मेें लॉकडाउन के नियमों का पालन न करने पर दो लोगों को गिरफ्तार किया है, वहीं 254 लोगों के मास्क न लगाने पर चालान काटे हैं।
पुलिस अधीक्षक राजेश दुग्गल के निर्देशानुसार जिले के विभिन्न स्थानों पर तैनात पुलिस की विभिन्न टीमों की तरफ से कोरोना नियमों का उल्लंघन करने वालों पर निगाह रखी जा रही है। मुस्तैदी से तैनात पुलिस की विभिन्न टीमों की तरफ से शहर क्षेत्र व थाना आसौदा के क्षेत्र से निर्धारित समय के बाद किराना की दुकान खुली पाए जाने पर अलग-अलग स्थानों से दो आरोपियों को काबू किया गया। नियमों का उल्लंघन करने पर पकड़े गए उपरोक्त आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करते हुए अलग-अलग मामले दर्ज किए हैं।
पुलिस की टीमें जिले में कोरोना संक्रमण के फैलाव को रोकने के लिए पूरी तरह से नजर बनाए हुए हैं। लोगों को जागरूक भी किया जा रहा है। वहीं नियमों का पालन न करने वाले लोगों के खिलाफ कार्रवाई भी की जा रही है।
- राजेश दुग्गल, एसपी, झज्जर