बहादुरगढ़। शहर के रेलवे रोड स्थित राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में शनिवार को हरियाणा सरकार के कौशल बिजनेस चैलेंज 3.0 के तहत स्कूल स्तरीय प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसमें 11वीं और 12वीं कक्षा की 52 टीमों के 250 विद्यार्थियों ने भाग लेकर नए और रचनात्मक बिजनेस आइडिया प्रस्तुत किए।
विज्ञापन
प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों में कौशल विकास, उद्यमशीलता और स्वरोजगार की भावना को बढ़ावा देना है। विद्यार्थियों ने निर्णायक समिति के सामने अपने विचारों और योजनाओं की प्रस्तुति दी। निर्णायकों ने रचनात्मकता, विचारों और प्रस्तुति के आधार पर टीमों का मूल्यांकन किया।
कक्षा 12वीं की टीमों का मार्गदर्शन श्वेता और 11वीं की टीमों का संदीप पांचाल ने किया। नवनीत और मोनिका ने भी सहयोग दिया। निर्णायक मंडल में प्रवीण जाखड़, हरीश और सविता शामिल रहे। प्रधानाचार्या मंजू रानी ने विजेता टीमों को ट्रॉफी देकर सम्मानित किया। प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली टीम अब ब्लॉक स्तरीय प्रतियोगिता में स्कूल का प्रतिनिधित्व करेगी।