बहु गांव में 19 मार्च को खानपुर कलां गांव निवासी विक्रम पहलवान की गोली मारकर हत्या करने के 25 हजार के इनामी बदमाश सुमित उर्फ टाटला को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। उसे वीरवार को अदालत में पेश किया गया, जहां से आरोपी को दो दिन के रिमांड पर साल्हावास पुलिस को सौंप दिया गया है। साल्हावास पुलिस ने उसे कासनी गांव से गिरफ्तार किया है।
आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर 19 मार्च को गांव बहु स्थित एक अखाड़ा में गांव खानपुर कलां निवासी विक्रम की गोली मारकर हत्या कर दी थी। सूचना मिलने के बाद पहुंची साल्हावास पुलिस को रविंद्र सिंह निवासी गांव खानपुर कलां ने बताया था कि शाम को उसके भतीजे ने फोन कर बताया था कि सुमित उर्फ टाटला उर्फ भोले निवासी गांव कासनी ने पार्टी देने के बहाने अखाड़े में बुलाया था। उसने बताया कि यहां पर बीयर व शराब की पार्टी में संदीप उर्फ पुंगा, देवेंद्र उर्फ कालिया तथा 2-3 अन्य लड़के शामिल थे। पार्टी में दौरान गाली-गलौज में टाटला ने पिस्तौल से उसे गोली मार दी है। गंभीर रूप से घायल विक्रम को उपचार के लिए सिविल अस्पताल चरखी दादरी ले जाया गया था, जहां पर उसे चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया था। थाना साल्हावास में आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया था।
चार आरोपियों की पहले हो चुकी थी गिरफ्तार
वारदात में शामिल चार आरोपियों योगेश उर्फ मोनू व मनदीप उर्फ मार्शल निवासी गांव खानपुर कलां व देवेंद्र उर्फ कालिया व संदीप उर्फ पुंगा निवासी गांव बहु को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। पुलिस ने अब पांचवें इनामी आोरपी सुमित को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी सुमित की गिरफ्तारी नहीं हो पाने पर झज्जर के एसपी राजेश दुग्गल ने रोहतक रेंज के आईजी से आरोपी पर इनाम घोषित करने की सिफारिश की थी। करीब एक माह पूर्व आईजी की अनुशंसा पर डीजीपी हरियाणा ने सुमित पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था।
विक्रम पहलवान की हत्या के आरोपी सुमित उर्फ टाटला को झाड़ली पुलिस चौकी के सहायक उप निरीक्षक प्रवीन कुमार की टीम ने गिरफ्तार किया है। आरोपी को दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। -नरेश कुमार, डीएसपी, झज्जर।