झज्जर। जिले में निरंतर कोरोना संक्रमण बढ़ता जा रहा है। पिछले छह रोज से जिले में 200 से अधिक नए संक्रमित मिल रहे हैं। मंगलवार को भी 28 विद्यार्थियों व तीन शिक्षकों सहित 218 नए कोरोना संक्रमित मिले है, जबकि 99 ने कोरोना की जंग जीती है। जिले में स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों के अनुसार 1193 केस सक्रिय हैं, जबकि 95 लोगों को विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। 1098 को होम आइसोलेशन पर रखा गया है, वहीं पॉजिटिविटी रेट 2.87 प्रतिशत है।
कोरोना अपडेट डाटा एक नजर में
1. अब तक जिले में कुल 9110 कोरोना के मरीज मिले हैं, उनमें से 7809 मरीज ठीक हो चुके हैं।
2. मंगलवार को कोरोना के 218 नए केस आए हैं।
3. 99 मरीज को डिस्चार्ज किया गया ।
4. रिकवरी रेट 85.7 प्रतिशत है।
5. कोरोना के कारण मृत्यु दर 1.18 प्रतिशत है।
6. 1098 मरीज होम आइसोलेशन में हैं।
7. प्रतिदिन स्वस्थ और संक्रमण मुक्त होने वालों की संख्या बढ़ रही है।
टीकाकरण अभियान के दौरान 1,33,423 लोगों को लगाए टीके
स्वास्थ्य विभाग की ओर से जिले के सभी सरकारी अस्पतालों में मुफ्त टीकाकरण किया जा रहा है। एक मई से 18 वर्ष से अधिक आयु के लोगों का टीकाकरण योजनाबद्ध तरीके से शुरू कर दिया जाएगा। 18 वर्ष से 44 वर्ष तक की आयु के लोगों को कोरोना का टीका मुफ्त लगेगा। अब तक झज्जर जिला में स्वास्थ्यकर्मियों, फ्रंटलाइन वर्कर्स, वरिष्ठ नागरिक एवं 45 वर्ष से अधिक आयु के कुल 1,33,423 लोगों का टीकाकरण हो चुका है।
सैंपलिंग और टेस्टिंग
1 मंगलवार को 1639 टेस्ट जिले के विभिन्न अस्पताल में किए हैं।
2 1457आरटीपीसीआर के माध्यम से किए हैं और आरएटीआई से 182 टेस्ट लिए।
3 एक प्राइवेट टेस्टिंग लैब वर्ल्ड मेडिकल कॉलेज गिरावड, झज्जर में कार्यरत है।
कोविड केयर सेंटर्स
1 जिले में कुल 6 डेडिकेटिड अस्पताल बनाए गए हैं।
2 12 डेडिकेटिड हेल्थ सेंटर बनाए गए हैं।
3 11 डेडिकेटिड केयर सेंटर बनाए गए हैैं।
4 कोविड केयर सेंटर्स में रहने वाले मरीजों को मेडिकल किट उपलब्ध करवाई जा रही है।
- होम आइसोलशन में की जा रही मरीजों की देखरेख
होम आइसोलेशन में मौजूद कोरोना संक्रमित से दूरभाष पर रोजाना नियंत्रण कक्ष से कम से कम एक बार संपर्क किया जा रहा है। शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में होम आइसोलेशन में रहने वाले मरीजों को मेडिकल किट की होम डिलीवरी स्वास्थ्य व आयुष विभाग के माध्यम से दी जा रही है।
सुरक्षात्मक स्थिति बनाना प्रशासन का लक्ष्य
किसी भी कीमत पर संक्रमण की चेन को तोड़ना। कोरोना की पॅाजिटिविटी दर में कमी लाना। अस्पतालों मे भर्ती होने वाले लोगों की संख्या घटाने के लिए संभव प्रयास करना। होम आइसोलेशन और कोविड केयर सेंटर में ही लोगों को स्वस्थ करना। जहां जरूरी है, वहां सख्ती बढ़ाकर लोगों की अनावश्यक मूवमेंट बंद करना। आपदा की इस घड़ी में कालाबाजारी करने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करना प्रशासन का लक्ष्य है।
कोरोना से बचाव की दिशा में प्रशासन ने ये उठाए कदम
झज्जर जिले में आवश्यक सेवाओं को छोड़कर सभी कार्यालय 50 प्रतिशत उपस्थिति के साथ संचालित किए जा रहे हैं। जिले में रात्रि 10 बजे से सुबह 5 बजे तक कोरोना नाइट कर्फ्यू लगाया गया है। सायं 6 बजे से भीड़-भाड़ वाले सभी बाजारों को बंद करने के आदेश हैं। जिले के भीड वाले क्षेत्रों में धारा 144 लागू की है। दूध, किराने, फल-सब्जी व मेडिकल स्टोर की दुकानें ही सांय 6 बजे के बाद खोली जा सकती हैं। दाह-संस्कार पर 20 लोगों को एकत्रित होने की ही अनुमति दी गई है। सभी शिक्षण संस्थान, आंगनबाड़ी केंद्र और क्रेच 31 मई तक बंद किए गए हैं।
जिले के लोगों से अपील है कि वे बढ़ते कोरोना के मामलों को देखते हुए अत्याधिक सावधानी बरतने की आवश्यकता है। कोरोना से बचाव के लिए जारी किए गए नियमों का पालन करें।
- डॉ. संजय दहिया, सीएमओ, झज्जर।