अमर उजाला ब्यूरो
झज्जर। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की दसवीं की परीक्षा के पहले दिन शुक्रवार को अंग्रेजी का पेेपर हुआ। परीक्षा के दौरान जिले के केंद्रों पर बाहरी हस्तक्षेप के मामले सामने आए हैं। शहर के गर्ल्स व ब्वॉयज स्कूल में बने परीक्षा केंद्रों पर भी बाहरी हस्तक्षेप रहा। पुलिसकर्मियों की मौजूदगी में बाहरी युवक परीक्षार्थियों तक नकल पहुंचा रहे थे। ऐसे में परीक्षा के दौरान धारा 144 की सरेआम धज्जियां उड़ाई जा रही हैं। बाहरी हस्तक्षेप को रोकने के लिए पुलिस के प्रबंध नाकाफी हैं। वहीं खास बात यह है कि सेंटर में परीक्षा नियंत्रक का अस्थायी कार्यालय होने के बावजूद यहां बाहरी हस्तक्षेप रहा, लेकिन कोई केस इन दोनों केंद्र पर नहीं बनाया गया। वहीं, बहादुरगढ़ व बेरी में बोर्ड की फ्लाइंग ने तीन केस बनाए हैं। मातनहेल के छात्र द्वारा उत्तर पुस्तिका लेकर फरार होने के मामले में अभी तक पुलिस के हाथ आरोपी छात्र नहीं आया है। वहीं अमर उजाला को आरोपी छात्र ने बताया कि उसने उत्तर पुस्तिका स्कूल में ही मौजूद एक लंबे से अध्यापक को दे दी थी, उसे बेवजह ही फंसाया जा रहा है।
इन केंद्रों पर रहा बाहरी हस्तक्षेप
परीक्षा नियंत्रक ने हसनपुर, पेलपा, बूपनिया, दुल्हेड़ा गांव के परीक्षा केंद्र पर बाहरी हस्तक्षेप की बात स्वीकार की है। इन सेंटरों पर बाहरी हस्तक्षेप रोकने के लिए पंचायत व पुलिस प्रशासन की मदद ली जाएगी। अगर फिर भी कोई सुुधारा नजर नहीं आया तो सेंटर रद्द भी हो सकता है।
शुक्रवार को दसवीं के अंग्रेजी की परीक्षा में तीन केस बने हैं। हसनपुर, पेलपा, बूपनिया, दुल्हेड़ा गांव के परीक्षा केंद्र पर बाहरी हस्तक्षेप दर्ज किया गया है। इसको लेकर बोर्ड अधिकारियों को अवगत करवा दिया गया है, आगामी कार्रवाई बोर्ड के अधिकारियों के द्वारा ही की जानी है।
ईश्वर नागर, परीक्षा नियंत्रक, झज्जर।