अमर उजाला ब्यूरो
बहादुरगढ़। हरियाणा बोर्ड की 12वीं की परीक्षा वीरवार से शुरू हो गई। पहले ही दिन नकल रहित परीक्षा कराने के दावे खोखले साबित हुए। नकल करवाने वाले परीक्षा केंद्रों की दीवारों पर चढ़े हुए थे तो भीतर कमरों में जमकर नकल चल रही थी। वीरवार को पहले दिन बारहवीं कक्षा का अंग्रेजी का पर्चा हुआ। बोर्ड की ओर से शहर में रेलवे रोड पर बने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय और राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय के अलावा अनाज मंडी में स्थित वैश्य आर्य कन्या विद्यालय में परीक्षा केंद्र बनाए गए। यूं तो धारा 144 लगी थी लेकिन इस धारा का जमकर उल्लंघन किया गया। रेलवे रोड स्थित राजकीय महाविद्यालय में परीक्षा केंद्र में नकल खूब हुई। स्कूल की दीवारों और छतों पर नकल डालने वाले युवा चढ़े हुए थे। युवा अपनी जान को जोखिम में डालकर स्कूल के रोशनदान और छतों पर चढ़ते नजर आए।
आज से होगी दसवीं की परीक्षा
शुक्रवार से हरियाणा शिक्षा बोर्ड की दसवीं की परीक्षाएं शुरू होंगी। पहला पेपर अंग्रेजी विषय का होगा। परीक्षाएं संपन्न कराने के लिए कई परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इनमें राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, वैश्य आर्य कन्या विद्यालय, न्यू ईरा सीनियर सेकेंडरी स्कूल, जनता सीनियर सेकेंडरी स्कूल के अलावा नेहरू पार्क में स्थित एसआर सीनियर सेकेंडरी स्कूल शामिल हैं। परीक्षा साढ़े 12 बजे शुरू होकर साढ़े 3 बजे तक चलेगी। 29 मार्च तक दसवीं की परीक्षाएं चलेंगी तो बारहवीं की परीक्षाएं 3 अप्रैल को समाप्त होगी।
इस बारे में पुलिस अधिकारियों को और अधिक फोर्स तैनात करने के लिए आग्रह किया गया है। अगली परीक्षाओं में नकल कराने वाले स्कूल के आसपास भी नहीं फटक पाएंगे। इसके लिए स्कूल प्राचार्यों को भी निर्देश दिए गए हैं।
मदन चोपड़ा, जिला परियोजना अधिकारी।