बाढ़सा एम्स के सभी प्रोजेक्ट समय पर होंगे पूरे: धनखड़
बादली। कांग्रेस पार्टी अफवाह फैलाओ पार्टी है क्योंकि उनके पास विकास कराने का जज्बा नहीं है। ये विचार बाढ़सा एम्स के स्थानांतरण की बात पर प्रदेश के कृषि मंत्री ओमप्रकाश धनखड़ ने बाढ़सा गांव में ग्रामीणों को संबोधित करते हुए व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस लोगों को बरगलाने में लगी है। केंद्र और प्रदेश में झूठ के सहारे सत्ता पाने के प्रयास में मर्यादाएं भूल रही हैं। इससे पहले उन्होंने गांव बाढ़सा में करीब पौने पांच करोड़ रुपये की लागत से तैयार राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय के नए भवन का शुभारंभ स्कूल की छात्राओं से कराया। वहीं गांव बाढ़सा में नए बस स्टेंड व खेल परिसर की आधारशिला रखी। साथ ही ग्राम गौरव पट व ग्राम सचिवालय का भी उद्घाटन किया।
धनखड़ ने कहा कि बाढ़सा का एम्स रेवाड़ी के मनेठी में नहीं गया है क्योंकि रेवाड़ी को प्रदेश के हिस्से को एम्स मिला है जबकि दिल्ली एम्स-2 के तौर पर बाढ़सा एम्स दूसरा कैंपस है। बाढ़सा कैंपस दिल्ली एट बाढ़सा है। कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री ने बाढ़सा व आसपास के लोगों को आश्वस्त करते हुए कहा कि बाढ़सा व आसपास के 12-13 गांवों को आरोग्य धाम के तौर पर विकसित किया जा रहा है। नई दिल्ली के एम्स के विस्तार को लेकर जितनी भी केंद्र सरकार की सभी योजनाएं यहां पर लागू होंगी। इसी विस्तार के तहत बाढ़सा में राष्ट्रीय कैंसर संस्थान भी शुरू हो चुका है। उन्होंने बाढ़सा एम्स को लेकर कांग्रेस की ओर से किए जाने वाले प्रचार को खारिज करते हुए कहा कि उनकी न तो केंद्र और न ही राज्य में सरकार है। ऐसे में विकास को लेकर एक भ्रम पैदा करने की कोशिश की जा रही है। इस अवसर पर चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय प्रबंधन बोर्ड सदस्य आनंद सागर, ब्लाक समिति बहादुरगढ़ चेयरपर्सन युद्घवीर भारद्वाज, बाढ़सा की सरपंच नरेश देवी, संजीत बाढ़सा, अशोक राठी, सुशील बाल्याण, अनूप अहलावत, सुनील कादियान, अमित छनपाड़िया मौजूद रहे।
किसान सम्मान निधि होगी कारगार
कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री धनखड़ ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उत्तर प्रदेश के गोरखपुर से इस योजना का रविवार को शुभारंभ करेंगे। हरियाणा में मुख्यमंत्री मनोहर लाल महेंद्रगढ़ में और मैं पंचकूला में इस योजना के शुभारंभ अवसर पर राज्य के किसानों के साथ भागीदार बनेंगे। प्रधानमंत्री वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से देश भर के किसानों से संवाद करेंगे। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना को प्रभावी ढंग से लागू करने वाला हरियाणा देश का पहला राज्य बनने जा रहा है।