दसवीं परीक्षा परिणाम में जिले ने प्रदेश में किया टॉप
अमर उजाला ब्यूरो
चरखी दादरी। हरियाणा शिक्षा बोर्ड की की ओर सोमवार को घोषित 10वीं परीक्षा परिणाम में चरखी दादरी जिले ने प्रदेश भर में टॉप किया है। जिले का ओवरऑल परीक्षा परिणाम 69.76 प्रतिशत रहा। 12वीं की तरह ही 10वीं के परिणाम में भी बेटियों ने बेटों को पीछे छोड़ा है। जिले के लड़कों का पास प्रतिशत 66.53 तो लड़कियों का 73.58 फीसदी रहा। बोर्ड परीक्षा में जिले के 8723 छात्र प्रविष्ट हुए थे जिनमें से 6085 उत्तीर्ण हुए। इस शानदार सफलता पर जिला उपायुक्त अजय सिंह तोमर ने शिक्षकों व छात्रों की मेहनत को देते हुए उनकी सराहना की है।
10वीं कक्षा के परीक्षा परिणाम में जिले के विद्यार्थियों ने 21 जिलों के विद्यार्थियों को पछाड़ प्रदेश में पहला स्थान प्राप्त किया। जिले में 4726 लड़कों ने बोर्ड परीक्षा दी थी जिनमें सेे 3144 पास हुए हैं। इसी प्रकार 3997 लड़कियां परीक्षा में बैठी थी जिनमें से 2941 ने परीक्षा पास की है। भांडवा स्थित प्रज्ञा स्कूल की तीन छात्राओं ने जिले में पहले तीन स्थान प्राप्त किए। स्कूल की छात्रा मोनू ने 485 व मुन्नी व संगीता ने 484 अंक प्राप्त किए।
विद्यार्थी व शिक्षक बधाई के पात्र: डीसी
उपायुक्त अजय सिंह तोमर ने भिवानी बोर्ड की दसवीं की परीक्षा में चरखी दादरी जिला के पहले स्थान पर आने पर सभी छात्रों व शिक्षकों को बधाई दी है। उपायुक्त ने कहा कि नवगठित जिला होने के बावजूद चरखी दादरी जिला हर क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन कर रहा है। आने वाले दिनों में इसी तरह से जिला के युवा अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाएंगे।
भविष्य में शिक्षा क्षेत्र में जिले को अग्रणी रखने का प्रयास: शिक्षा अधिकारी
कार्यकारी जिला शिक्षा अधिकारी जयप्रकाश सभ्रवाल ने कहा कि जिले में इस समय 95 प्रतिशत शिक्षक ऐसे हैं जो अंतर्मन से शिक्षण कार्य मेें रुचि लेते हैं। शेष पांच प्रतिशत शिक्षक जो काम नहीं करते हैं उनको भी प्रेरित करेंगे। भविष्य में भी प्रयास रहेगा कि चरखी दादरी जिला शिक्षा के क्षेत्र में अग्रणी बना रहे। आने वाला समय फिर से सरकारी स्कूलों का होगा।