अमर उजाला ब्यूरो
झज्जर।
जिला प्रशासन की ओर से 18 अप्रैल बुधवार को भागलपुरी चौक सिथत राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय के हाल में जनता दरबार का आयोजन होगा। एसडीएम बेरी अश्विनी कुमार ने बताया कि शाम साढ़े चार बजे आयोजित होने वाले ओपन जनता दरबार की अध्यक्षता उपायुक्त सोनल गोयल करेंगी। इस दौरान उपायुक्त सोनल गोयल बेरी खास (भागलपुरी) गांव के लोगों की समस्या सुनकर मौके पर उपस्थित विभागीय अधिकारियों को समाधान के दिशा-निर्देश देंगी।
उपायुक्त गोयल भागलपुरी गांव में विकास कार्यों और सरकारी कार्यालयों/संस्थाओं का निरीक्षण भी करेंगी। उपायुक्त का रात्रि ठहराव भी भागलपुरी गांव में ही होगा। एसडीएम अश्विनी कुमार ने लघु सचिवालय में जनता दरबार और उपायुक्त के रात्रि ठहराव की तैयारियों को लेकर मंगलवार को अधिकारियों की बैठक भी ली।
लगेगा नि:शुल्क स्वास्थ्य कैंप
एसडीएम ने बताया खुला जनता दरबार में ग्रामीणों की सुविधा के लिए सीएमओ झज्जर की ओर से नि:शुल्क हेल्थ चेकअप कैंप, पशुपालन विभाग की ओर नि:शुल्क पशु स्वास्थ्य जांच शिविर लगाया जाएगा। एसडीएम ने बताया कि उपायुक्त सोनल गोयल वीरवार सुबह छह बजे बेरी खास भागलपुरी का गांव का दौरा करेंगी और ग्रामीणों से सीधा संवाद करेंगी। इस अवसर पर सभी विभागाध्यक्ष भी उपस्थित रहेंगे। बैठक में नायब तहसीलदार रमेश कुमार, एसएमओ डॉ. जेपी चौहान, बिजली विभाग के एसडीओ राज सिंह, नपा सचिव संजय रोहिल्ला, निरीक्षक तेलूराम, खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के निरीक्षक फुलकुंवार, लेखाकार मार्किट कमेटी मंजीत, बीईओ वीरेंद्र नारा, बीडीपीओ बिजेंद्र सिंह, सहायक सूचना एवं जनसंपर्क अधिकारी डॉ. अश्विनी कुमार, महिला एवं बाल विकास परियोजना अधिकारी सुषमा विरमानी, एसडीओ महेंद्र सिंह, सुदर्शन भागलपुरी, जेई सुमित कुमार, सहायक दिनेश कुमार सहित संबंधित विभागों के अधिकारीगण मौजूद रहे।