अमर उजाला ब्यूरो
झज्जर।
कुलाना गांव के पास बदमाशों द्वारा मारपीट कर ट्रक छीन लिया गया। इसकी शिकायत चालक ने कुलाना पुलिस चौकी में दर्ज करवाई है। पुलिस ने चालक की शिकायत पर चार लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है।
पुलिस को दी शिकायत पर मध्यप्रदेश के शिवपुरी जिला निवासी गिरिराज यादव ने बताया कि वह ग्वालियर के रामनिवास की गाड़ी पर ड्राइवर है। वहीं उसके साथ इसी गाड़ी पर पचपुरा मध्यप्रदेश् निवासी राजेश परिचालक के तौर पर कार्य करता है। वे गाड़ी में लोड किए माल को जींद में खाली करके वापस ग्वालियर जा रहे थे। जब वे रात के समय करीब 11 बजे कुलाना चौक पार करके पटौदी रोड पर वेयरहाउस के नजदीक पहुंचे तो पीछे से अचानक एक डंपर आया। डंपर चालक ने गाड़ी के आगे अड़ाकर गाड़ी रुकवा दी और फिर उसमें से 4 लोग उतरकर आए जो खिड़की खोलकर जबरदस्ती गाड़ी में चढ़ गए और फिर उसे थप्पड़ मारकर गाड़ी से नीचे फैंक दिया। उसके साथी राजेश को गाड़ी में ही दबा लिया और फिर गाड़ी को छीनकर पाटौदी की तरफ भगा ले गए। पुलिस ने शिकायत के आधार पर चार बदमाशों के खिलाफ अपहरण व गाड़ी छीनने का मामला दर्ज किया है। कुलाना चौकी के एएसआई कुुलदीप के अनुसार परिचालक व गाड़ी की बरामदगी के लिए प्रयास चल रहे हैं।