पार्क की जमीन से अवैध कब्जा हटाने की लगाई गुहार
अमर उजाला ब्यूरो
चरखी दादरी।
गांव सांवड़ में इनेलो सरकार के दौरान बनाया चौधरी देवीलाल पार्क की जमीन से ग्रामीणों ने अवैध कब्जा हटवाने की मांग की है। ग्रामीणों ने बताया कि इनेलो सुप्रीमो ओमप्रकाश चौटाला ने अपनी सरकार के दौरान यहां चारदीवारी सहित दो कमरे बनवाने की घोषणा की थी, लेकिन सरकार के सत्ता से जाते ही यह मामला ठंडे बस्ते में डाल दिया गया। इसके बाद लोगों ने पार्क की चारदीवारी की ईंटें उखाड़ दी और यहां कूड़ा डालने लगे। बीडीसी सदस्य सज्जन शर्मा, हनुमान शर्मा, ओमप्रकाश शर्मा, बजरंग शर्मा, मनीराम शर्मा, पंच सोना शर्मा, पंच सुशील कुमार एडवोकेट, महेंद्र शर्मा, मॉ. खुशीराम शर्मा, कृष्ण चंद शर्मा, प्रेम प्रकाश शर्मा, श्याम सुंदर शर्मा, प्रधान ब्राह्मण समाज मॉ. कृष्ण चंद शर्मा, रामअवतार शर्मा, रामकिशन शर्मा, राजपाल नंबरदार ने बताया कि पार्क की जमीन पर लोगों ने नाजायज कब्जा कर रखा है। उन्होंने इसके लिए ग्राम पंचायत से भी कई बार गुहार लगाई है लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से भी इस संबंध में कार्रवाई की मांग की है।