सोल्जर क्लर्क और स्टोर कीपर पद की लिखित परीक्षा 28 को हिसार में
अमर उजाला ब्यूरो
चरखी दादरी।
दादरी सेना भर्ती रैली के दौरान सोल्जर क्लर्क और स्टोर कीपर पद का प्रथम चरण पार कर चुके उम्मीदवारों की हिसार कैंट में 28 जनवरी 2018 को लिखित परीक्षा आयोजित की जाएगी। सेना भर्ती कार्यालय के निदेशक कर्नल एकेएस पिल्लई ने बताया कि एससीआर स्कूल चरखी में विभिन्न पदों के लिए दो महीने पहले भर्ती रैली का आयोजन किया गया था। इस रैली में सैनिक क्लर्क व स्टोर कीपर की शारीरिक परीक्षा पास कर चुके उम्मीदवारों की अगले माह हिसार में लिखित परीक्षा होगी। यह परीक्षा 28 जनवरी को हिसार छावनी में आयोजित की जाएगी। कैंट के गेट नंबर दो से उम्मीदवारों को सुबह चार से सुबह छह बजे तक ही प्रवेश की अनुमति होगी। कर्नल पिल्लई ने बताया कि परीक्षा के लिए उम्मीदवारों को प्रवेश पत्र, आधार कार्ड व उनके पास है तो एनसीसी ए, बी, सी प्रमाण-पत्र और सैनिक परिवार से संबधित प्रमाण- पत्र की मूल प्रति साथ लानी होगी। उन्होंने कहा कि परीक्षार्थियों को सही समय पर पहुंचना आवश्यक है।