शहर की 63 गलियों का वर्क ऑर्डर जारी
चरखी दादरी।
शहर की खस्ताहाल सड़कें व गलियों की अब दशा सुधारने के लिए नगर परिषद ने मंगलवार को 1.30 करोड़ के टेंडर ऑपन कर अलॉटमेंट प्रक्रिया पूरी कर दी है। इस बजट राशि में शहर के अलग-अलग वार्डों की 63 गलियों का निर्माण तीन माह में हो जाएगा। नप अधिकारियों के मुताबिक नवंबर माह के प्रथम सप्ताह में काम शुरू हो जाएगा और जनवरी माह के अंत तक सभी प्रोजेक्ट पूरे होने की उम्मीद है।
नप अधिकारियों ने शहर की खस्ताहाल सड़कों के लिए दो चरणों में करीब सवा करोड़ रुपये के टेंडर लगाए थे। इनके तहत एक चरण में 33 गलियों और दूसरे चरण में 30 गलियों का निर्माण कार्य शहर में करवाया जाना है। नप सूत्रों कर मानें तो इन विकास कार्यों के लिए करीब सात माह पहले ही ग्रांट परिषद हाउस की बैठक में निर्धारित की गई थी। नप सचिव संजय यादव ने बताया कि परिषद हाउस की बैठक में सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित होने के बाद ही इनके इस्टीमेट व नक्शा तैयार करने के निर्देश इंजीनियरिंग ब्रांच को दिए गए थे। सचिव के आदेशों पर एमई हरिकिशन शर्मा ने जेई गंगाधर व जेई सुनील को इन 63 प्रोजेक्टों का कागजी खाका तैयार करने की जिम्मेवारी सौंपी थी। पिछले माह ही दोनों टीमों ने अपनी रिपोर्ट सौंप दी थी और इसके बाद एमई ने मौके का मुआयना कर आगामी कार्रवाई के आदेश जारी किए थे। गनीमत रही कि इस दफा पहला ही प्रयास सफल साबित हुआ और करीब 1.30 करोड़ से 63 कामों को धरातल पर पूरा करने के निर्देश नप अधिकारियों ने दे दिए हैं। एमई हरिकिशन शर्मा की मानें तो एक या दो नंबवर से धरातल पर काम शुरू करवा दिए जाएंगें। नप अधिकारियों ने बताया कि वार्ड नंबर एक में करीब सवा 13 लाख से चार गलियों का निर्माण, वार्ड दो में करीब साढ़े साल लाख से दो गलियों का निर्माण, वार्ड नंबर तीन में 4.63 लाख से एक गली का निर्माण, वार्ड नंबर चार में करीब साढ़े 37 लाख से छह गलियों का निर्माण, वार्ड पांच में करीब चार लाख से एक गली का निर्माण, वार्ड छह में सवा तीन लाख से एक गली का निर्माण, वार्ड सात में साढ़े 17 लाख से तीन गलियों का निर्माण, वार्ड आठ में 3.30 लाख से एक गली का निर्माण, वार्ड 10 में साढ़े तीन लाख से एक गली का निर्माण, वार्ड 12 में 5.30 लाख से एक गली का निर्माण, वार्ड 12-13 की एक गली का निर्माण 8.79 लाख, वार्ड 13 में करीब दस लाख से एक गली का निर्माण, वार्ड 15 में करीब 12 लाख से दो गलियों का निर्माण कराना प्लानिंग का हिस्सा है।
वर्जन::
मंगलवार को हमने टेंडर ऑपन कर अलॉटमेंट प्रक्रिया पूरी कर दी है। नवंबर माह के पहले सप्ताह में हम धरातल पर काम शुरू करवा देंगे। दो से तीन माह के अंदर लगभग सभी काम पूरे होने की उम्मीद है।
हरिकिशन शर्मा, एमई नगर परिषद