अमर उजाला ब्यूरो
चरखी दादरी।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सुभाष बराला के बेटे विकास बराला के चंडीगढ़ में आईएएस अधिकारी की बेटी से छेड़छाड़ करने के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने रविवार को रोज गार्डन के सामने सुभाष बराला का पुतला फूंका। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने सुभाष बराला से इस्तीफा देने की मांग भी की है।
प्रदर्शन की अगुवाई कांग्रेसी नेता राजू मान और महिला कांग्रेस जिला प्रधान सुनीता सांगवान ने संयुक्त रूप से की। राजू मान ने कहा कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने तीन दिन के प्रवास पर भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं को नैतिकता और चारित्रिक निर्माण का पाठ पढ़ाकर गए थे, लेकिन उसका उल्टा असर हुआ। उनके दिल्ली लौटने के चंद घंटे बाद ही ये घटना घटित हो गई। उन्होंने घटना की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि सुभाष बराला को नैतिकता के नाते तुरंत अपने पद से इस्तीफा दे देना चाहिए। महिला जिला प्रधान सुनीता सांगवान ने कहा कि भाजपा के राज महिलाओं के प्रति अपराध बढ़ते जा रहे हैं। इससे पूर्व कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने खट्टर सरकार और सुभाष बराला के खिलाफ नारेबाजी भी की। इस मौके पर अशोक साहू, मंजीत सांगवान, नरेंद्र दलाल, मंजीत, अनिल मांढी, प्रदीप चंदेनी, लीला देवी, नीलम, मनोज हड़ौदा, राकेश, अनूप, संदीप, जितेंद्र आदि कार्यकर्ता मौजूद थे।