पावर ट्रांसफार्मर खराब, 24 गांवों में बिजली संकट
चरखी दादरी।
जिले के झोझू कलां स्थित 132 केवी सब स्टेशन के पॉवर ट्रांसफार्मर में तकनीकी खराबी आने से 24 से अधिक गांवों में बिजली संकट गहरा गया है। बिजली निगम पावर ट्रांसफार्मर को बदलने की योजना बना रहा है ताकि बिजली आपूर्ति नियमित हो सके। इन गांवों में बिजली आपूर्ति एक सप्ताह तक बाधित रहेगी। इस पावर ट्रांसफार्मर को ठीक करने का काम शनिवार से शुरू होगा। इस एरिया में ट्यूबवेल अधिक होने की वजह से कृषि के साथ घरेलू उपभोक्ताओं को भी दिक्कतें आएंगी।
एसडीओ राजदीप ने बताया कि पावर ट्रांसफार्मर में तकनीकी खराबी आ गई जिससे यह ट्रांसफार्मर अब आउटपुट नहीं दे पा रहा है अब इसे चेंज करना ही विकल्प बचा है। इस चेंज करने की प्रक्रिया में एक सप्ताह का समय लग जाएगा। पावर ट्रांसफार्मर को बदलने के कारण झोझू कलां के अधीन 132 केवी सब स्टेशन से चलने वाले झोझू कलां घरेलू फीडर, कलियाणा घरेलू फीडर, गोकल घेरलू फीडर, बधवाना-बलाली घरेलू फीडर, रामबास कृषि फीडर की बिजली प्रभावित रहेगी। इसके अलावा रामलवास कृषि फीडर, बादल कृषि फीडर, जावा कृषि फीडर, पिचौपा कृषि फीडर, असावरी कृषि फीडर, गांव झोझू कलां, झोझू खुर्द, गुडाना, गोकल, रामलवास, रामबास, बादल, कलियाणा, असावरी, कलाली, बलाली, आदमपुर, डाढ़ी बाना में 17 से 23 जून तक बिजली बाधित रहेगी। इन फीडरों की बिजली सिर्फ पानी सप्लाई के लिए दिन में दो घंटे ही चलाई जाएगी।