अपराध जांच शाखा पुलिस की एक टीम ने हत्या के मामले के एक आरोपी को पकड़ा है। उसे अदालत में पेश किया गया जहां से उसे पांच दिन के रिमांड पर पुलिस को सौंपा गया है।
अपराध जांच शाखा बहादुरगढ़ के प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि अप्रैल माह में थाना सदर बहादुरगढ़ इलाका के गांव रेवाड़ी खेड़ा निवासी एक व्यक्ति की हत्या कर दी गई थी। इस मामले में पुलिस ने एक आरोपी को काबू किया है। पुलिस अधीक्षक बी सतीश बालन द्वारा हत्या के उपरोक्त मामले को गंभीरता से लेते हुए मामले की गहनता से जांच व दोषियों को जल्द गिरफ्तार करने की कार्यवाही के लिए मामले को अपराध जांच शाखा बहादुरगढ़ के हवाले किया गया था। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए किसी अन्य मामले में दिल्ली की तिहाड़ जेल में बंद मामले के एक आरोपी विकास निवासी गांव रेवाड़ी खेड़ा को प्रोडक्शन वारंट पर लाकर अदालत बहादुरगढ़ में पेश किया गया जहां से आरोपी को पूछताछ के लिए 5 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया।
गौरतलब है कि सतपाल निवासी रेवाड़ी खेड़ा ने शिकायत में बताया था कि गांव रेवाड़ी खेड़ा के अड्डे पर उनकी दुकान है। बीते 19 अप्रैल को उसका भाई अमित दुकान में बैठा था। उसी समय एक काले रंग की ब्रेजा गाड़ी में सवार हथियारों सहित चार युवक आए। चारों ने दुकान में बैठे उसके भाई पर गोलियां चला दी। गोलियां लगने से उसके भाई की मौत हो गई। जिस पर कार्रवाई करते हुए आरोपियों के खिलाफ थाना सदर बहादुरगढ़ में मामला दर्ज किया गया था। इसी मामले में उसे प्रोडक्शन वारंट पर लाया गया और उसे कोर्ट में पेश किया गया जहां से उसे पांच दिन के रिमांड पर पूछताछ के लिए पुलिस को सौंपा गया है।
रेवाड़ीखेड़ा हत्याकांड का आरोपी पांच दिन के रिमांड पर
-अप्रैल माह में दिया गया हत्याकांड को अंजाम