अमर उजाला ब्यूरो
चरखी दादरी। एनएचएम कर्मियों की भूख हड़ताल वीरवार को तीसरे दिन भी जारी रही। हड़ताल में शामिल कर्मचारियों ने सिविल अस्पताल पार्क में अपना धरना जारी रखा। इस दौरान विभाग द्वारा 85 कर्मचारी टर्मिनेट करने पर भी कड़ा ऐतराज जताया गया। वहीं, टर्मिनेशन ऑर्डर जारी होने के बाद विभाग ने आउट सोर्सिंग के तहत नई भर्ती शुरू करने की तैयारियां कर ली हैं। इसी कड़ी में वीरवार को विभाग ने पांच निजी एंबुलेंस हायर कर ली। सीएमओ विरेंद्र यादव ने इनका रोस्टर तैयार करने के निर्देश दिए। वहीं, एएनएम की ड्यूटियों में फेरबदल की सूची भी विभाग ने वीरवार को जारी कर दी।
बता दें कि जिले में एनएचएम कर्मियों के 220 पद स्वीकृत हैं और इनमें से 195 पदों पर ही हड़ताल से पहले नियुक्तियां थीं। वीरवार को विभाग ने 37 और कर्मचारी टर्मिनेट कर दिए थे और इसके बाद यह आंकड़ा बढ़कर 85 पहुंच गया था। इसके चलते जिले में एनएचएम कर्मियों के 50 प्रतिशत यानी 110 पद खाली पड़े हैं। इन पदों को विभाग ने आउट सोर्सिंग के तहत भरने की तैयारियां शुरू कर दी है। इसके तहत सीएमओ ने वीरवार को अपने कार्यालय में निजी एंबुलेंस चालकों को भी बुलाया। इन पांच चालकों ने अपनी एंबुलेंस चलाने पर सहमति जता दी है। विभागीय सूत्रों की मानें तो टर्मिनेट दो कर्मचारियों ने दोबारा से ज्वाइन करने की इच्छा जताई है और इसके लिए उन्होंने बाकायदा उच्चाधिकारियों को पत्र भी लिखा है। इस संबंध में सीएमओ विरेंद्र यादव ने बताया कि टर्मिनेशन ऑर्डर जारी होने के बाद दोबारा से ड्यूटी ज्वाइन कराना उनके लेवल की बात नहीं है और ये पत्र उच्चाधिकारियों को भेजे गए हैं। अब आगामी फैसला उच्चाधिकारी ही लेंगे और इसके मुताबिक ही हम आगामी कम उठाएंगे। वहीं, वीरवार को भी एनएचएम कर्मचारियों ने हड़ताल जारी रखी। इस दौरान नारेबाजी के साथ रोष का इजहार किया गया।
85 कर्मचारी टर्मिनेट करने के बाद अब जिले में 110 कर्मचारी बचे हैं। वीरवार को एचएनएम की ड्यूटी लिस्ट हमने लगा दी है। जो भी पद खाली हैं उन्हें आउट सोर्सिंग पॉलिसी के तहत हम जल्द से जल्द भर देंगे। वैकल्पिक व्यवस्था के तौर पर पांच निजी एंबुलेंस हमने हायर कर ली हैं।
विरेंद्र यादव, सीएमओ