अमर उजाला ब्यूरो
झज्जर। दुबलधन माजरा गांव के एक दुकानदार को सोने के आभूषण खरीदना उस समय महंगा पड़ गया जब कुछ लोग उसे नकली सोना देकर नौ लाख रुपये ठगकर ले गए। पहले दुकान पर आकर उसे असली सोने के आभूषण दिए और बाद में 9 लाख रुपये लेकर उसे पीतल थमा गए। घटना की सूचना उसने पुलिस को भी दी। पुलिस ने सूचना मिलने के बाद अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। लेकिन फिलहाल तक आरोपियों का कोई सुराग नहीं लग पाया था।
जानकारी के अनुसार शेरसिंह पुत्र मामन राम निवासी दुबलधन माजरा ने पुलिस को दिये बयान में कहा है कि उसने खाद बीज की दुकान गांव के बस अड्डे के पास पेट्रोल पंप के साथ की हुई है। 6 फरवरी को वह अपनी दुकान पर बैठा था। उस समय दो व्यक्ति व एक महिला उसकी दुकान पर आये और उसे कहा कि आपके घर भैंस का घी बताया है। हमारी मां काफी बीमार है और डॉक्टरों ने देशी घी खिलाना बताया है। उन्होंने उसकेे घर से 1 किलो घी खरीदा और पैसे दे दिये। उसके बाद 10 फरवरी को दोबारा से उसके पास आये और कहा कि वे जगह-जगह खुदाई का काम करते है। वे अभी भी दुजाना में पुल खुदाई का कार्य कर रहे हैं। जहां पर खुदाई करते हुए उन्हें काफी सोना मिला है। उसे यह सोना खरीदने के लिए कहा। शेरसिंह का कहना है कि उसने पहले तो मना कर दिया, लेकिन बाद में उसेे लालच आ गया और उन्होंने उसे सोना दिखाया। जिसमें से उसने उनके कहे अनुसार बेरी आकर दो गहने सुनार को चेक करवाये। फिर उसने उस समय पैसे न होने के कारण उनको दोबारा आने को कहा और उन्होंने अपने फोन नंबर दिये। उसके बाद 11 फरवरी को उसने अपने किसान क्रेडिट कार्ड से 8 लाख 90 हजार रुपये निकलवाकर रख लिए। 12 फरवरी को सुबह वह 8 लाख 90 हजार कार्ड से निकलवाये हुए व 10 हजार रुपये घर से लेकर बेरी आ गया। जहां पर बेरी बस अड्डा के पास उसे वे तीनों व्यक्ति मिले। उन्होंने कहा कि उनके पास 4 किलोग्राम सोना है जो उसे 15 लाख रुपये में देंगे। उसंने कहा कि उसके पास अभी 9 लाख रूपये हैं। 6 लाख रुपये दो-चार दिन में इंतजाम करके दे देगा।
विश्वास में लेकर लगाया चूना
शेरसिंह का कहना है कि उन्होंने उसे कहा कि पहले सुनार से तसल्ली कर लो। उन्होंने थैले को दिखाकर उसे 2 गहने दे दिये। जिनको वह सुनार से चेक करवाया व वहीं पर सुनार को 16500 रुपये में बेच दिया। फिर उसे तसल्ली हो गई और उन्होंने उससेे 9 लाख रुपये ले लिए और 4 किलो सोना बताकर पीतल दे दिया। उसनेे जब यह सब गहने सुनार को दोबारा दिखाये तो सुनार ने उसेे बताया कि यह तो पीतल है। उसके बाद उसके पैरो तले की जमीन खिसक गई और उसने मामले की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने सूचना मिलते ही मौके पर पहुंच कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी। लेकिन आरोपियों का कोई सुराग नहीं लग पाया।
दुकानदार के बयान पर अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। मामले की गहनता से जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपियों का सुराग लगा लिया जाएगा।
- जय भगवान, अतिरिक्त एसएचओ, पुलिस थाना बेरी।