चरखी दादरी। मतदान के प्रति नागरिकों को जागरूक करने के लिए उपायुक्त अजय सिंह तोमर ने वीरवार को दादरी लघु सचिवालय परिसर से मतदाता जनचेतना वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर नगराधीश मनीष कुमार फौगाट, निर्वाचन विभाग के अन्य अधिकारी और कर्मचारी भी उपस्थित रहे। उपायुक्त व जिला निर्वाचन अधिकारी अजय सिंह तोमर ने इस मौके पर कहा कि दादरी एवं बाढड़ा विधानसभा क्षेत्र के सभी 471 मतदान केंद्रों को इस वाहन के द्वारा कवर किया जाएगा। निर्वाचन विभाग के कर्मचारियों को उन्होंने निर्देश दिए कि प्रत्येक गांव में मतदाताओं को ईवीएम पर वोट डालने के बाद उसका परिणाम वीवीपैट में देखने के लिए प्रशिक्षित किया जाए। मतदाताओं को यह भी बताया जाए कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में एक वोट की अहमियत कितनी होती है। उन्होंने आदेश दिए कि दादरी विधानसभा के 232 और बाढड़ा विधानसभा के 239 बूथों पर जिला के 172 गांवों में इस मतदाता जागरूकता वाहन का पहुंचना सुनिश्चित होना चाहिए।
तोमर ने इस मौके पर कहा कि सभी मतदाताओं को आगामी लोकसभा चुनाव में बिना किसी के दबाव और बहकावे के अपनी मर्जी से वोट डालने के लिए प्रेरित किया जाए। विशेषतौर पर नव मतदाताओं को अपने वोट के अधिकार का प्रयोग अवश्य करना चाहिए, जिससे कि उनको एक नया अनुभव मिल सके। जिन युवाओं ने अभी तक अपना वोटर आईडी कार्ड नहीं बनवाया है, वे अपना मतदाता पहचान-पत्र अवश्य बनवाएं। इस जनचेतना वाहन में ईवीएम और वीवीपैट भी रखे हैं ताकि गांवों में मतदाताओं को इसके बारे में बताया जा सके। इस अवसर पर चुनाव कानूनगो सतीश शर्मा, मनोज मलिक, शमशेर सिंह, कृष्ण कुमार, कर्मवीर, विकास, समीर आदि मौजूद रहे।