बहादुरगढ़। आसोदा में हुए कुश्ती दंगल में बुपनियां अखाड़े के पहलवान प्रदीप ने दादा बूढ़ा कुमार का खिताब अपने नाम किया। विजेता पहलवान का सोमवार को अखाड़े में पहुंचने पर साथी पहलवानों और कुश्ती प्रेमियों ने अभिनंदन किया।
गांव आसोदा टोडराण स्थित दादा बूढ़ा मंदिर अखाड़ा में दो दिवसीय कुश्ती दंगल का आयोजन हुआ। रविवार को दादा बूढ़ा खिताब के लिए पहलवान आमने-सामने हुए। इस खिताब को जीतने के लिए बुपनियां अखाड़े के प्रदीप पहलवान ने जबरदस्त प्रदर्शन किया। 80 किलोग्राम भारवर्ग में प्रदीप ने चार कुश्ती लड़ी और चारों में जीत दर्ज की। फाइनल में मिर्चपुर के पहलवान को हराकर खिताब अपने नाम किया। प्रदीप के अलावा अखाड़े के पहलवान अशोक ने 60 केजी वर्ग में दूसरा स्थान हासिल किया। इन दोनों पहलवानों के सम्मान सोमवार को अखाड़े में एक कार्यक्रम का आयोजन हुआ। कार्यक्रम में कुश्ती प्रेमियों ने दोनों का अभिनंदन किया। कोच जयवीर, जीते प्रधान, चिंटू, सतबीर, वेद पहलवान, जयभगवान, राकेश, विजय, देवेंद्र मांडोठी, कृष्ण दुल्हेड़ा, मोनू, नवीन आदि ने प्रदीप और अशोक को जीत की बधाई दी व उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।