बहादुरगढ़। सेक्टर-छह की पहली पुलिया पर कार में सवार दो युवकों पर गोलियां चलाने वाले मुख्य आरोपी व उसके एक साथी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल पुलिस उनसे पूछताछ कर रही है। पूछताछ में इनके अन्य साथियों की पहचान व ठिकाने उजागर होने की संभावना है।
25 नवंबर की रात को लाइनपार के निवासी रवींद्र व संदीप सेक्टर-छह की पहली पुलिया पर अपनी कार में बैठकर जलेबियां खा रहे थे। इसी दौरान एक गाड़ी में सवार होकर आए चार युवकों ने कार में बैठे इन दोनों पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दीं। रवींद्र को चार तो संदीप को दो गोलियां छूकर निकल गई थी। फिलहाल दोनों स्वस्थ हैं। रवींद्र की शिकायत पर लाइनपार के निवासी प्रवीण व उसके साथियों के खिलाफ केस दर्ज किया गया था। तब से पुलिस हमलावरों की तलाश कर रही थी। वारदात के 11 दिन बाद वीरवार को मुख्य आरोपी प्रवीण व उसका एक साथी साहिल पुलिस के हत्थे चढ़ गया। इन्हें झज्जर रोड पर बाईपास पुल के नीचे से पकड़ा गया। शुक्रवार को पुलिस ने दोनों को कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें रिमांड पर लिया गया है। रिमांड अवधि के दौरान पुलिस इन दोनों अन्य हमलावरों, वारदात में इस्तेमाल किए गए वाहन व हथियारों का पता लगाएगी।