अमर उजाला ब्यूरो
चरखी दादरी। परशुराम चौक समीप स्थित एक्सिस बैंक की एटीएम मशीन उखाड़ने वालों का पुलिस 24 घंटे बाद भी सुराग नहीं लगा पाई है। इस संबंध में पुलिस की तीन टीमें गठित की गई हैं लेकिन तीनों के हाथ खाली हैं। हालांकि पुलिस ने बस स्टैंड रोड पर अलग-अलग प्रतिष्ठानों में लगे सीसीटीवी की फुटेज भी खंगाली है और इसके आधार पर ही फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। कार्यवाहक सिटी थाना प्रभारी एसआई राजबीर सिंह ने बताया कि पुलिस जांच में जुटी हुई है।
शनिवार रात करीब दो बजे पिकअप गाड़ी सवार युवकों ने परशुराम चौक समीप स्थित एक्सिस बैंक के एटीएम को पिकअप से रस्सी बांधकर मशीन को उखाड़ ले गए थे। बैंक अधिकारियों के मुताबिक मशीन में करीब 35 लाख रुपये का कैश था। इस घटनाक्रम की वीडिया फुटेज सोशल साइट पर भी वायरल हो गई। इसके मुताबिक घटना को अंजाम देकर चोर पिकअप गाड़ी लेकर परशुराम चौक पहुंचे और इसके बाद इसी बस स्टैंड की ओर मोड़ दिया। परशुराम चौक की वीडियो फुटेज में इसकी पुष्टि होने के बाद पुलिस ने बस स्टैंड रोड पर अन्य प्रतिष्ठानों में लगे सीसीटीवी की फुटेज की भी जांच की। बस स्टैंड रोड से आगे पिकअप गाड़ी कहां गई, इसका अभी सुराग नहीं लगा है। कार्यवाहक सिटी थाना प्रभारी एसआई राजबीर सिंह ने बताया कि मामले की जांच में सिटी थाना पुलिस के अलावा, सीआईए-वन व टू भी लगी हुई है।