अमर उजाला ब्यूरो
झज्जर।
नेहरू कॉलेज में 17 करोड़ की लागत से नपा झज्जर की आठ परियोजनाओं का शिलान्यास सीएम मनोहरलाल के द्वारा किया गया। इस दौरान नपा चेयरमैन कविता नंदवानी व वाइस चेयरमैन प्रवीन गर्ग कार्यक्रम में शामिल नहीं हुए। दोनों के कार्यक्रम से दूरी बनाना शहर में सोमवार को चर्चा का विषय रहा। वहीं, वाइस चेयरमैन की ओर से तो यह भी कहा जा रहा है कि उन्हें औपचारिक न्योता नहीं दिया गया था। चेयरमैन व वाइस चेयरमैन का सीएम के कार्यक्रम से दूरी बनाना भाजपा के लिए टेंशन का कारण बन सकता है।
दोनों हैं भाजपाई
चेयरमैन कविता नंदवानी व वाइस चेयरमैन प्रवीन गर्ग दोनों ही भाजपा पार्टी से ताल्लुक रखने वाले हैं। चेयरमैन का चुनाव तो मंत्री ओपी धनखड़ के प्रयासों से निर्विरोध ही हो गया था। वहीं, वाइस चेयरमैन के लिए वोटिंग हुई थी। लेकिन वाइस चेयरमैन प्रवीन गर्ग भी भाजपा पार्टी के ही नेता हैं। वहीं, ये शहरी निकाय मंत्री कविता जैन के नजदीकी बताए जाते हैं।
शिलान्यास पट्ट पर भी नहीं है नाम
नपा के द्वारा करवाए जा रहे 17 करोड़ रुपये के विकास कार्यों को शिलान्यास सीएम मनोहरलाल के द्वारा किया गया है। लेकिन शहर की चेयरमैन कविता नंदवानी का नाम भी इस पट्ट पर शामिल नहीं किया गया। शिलान्यास पट्ट पर चेयरमैन व वाइस चेयरमैन का नाम नहीं होने की चर्चा रविवार की शाम को ही शहर में शुरू हो गई थी। शहर के लोगों को पता लग गया था कि नपा के विकास कार्यों को लेकर लगने वाले शिलान्यास पट्ट पर इनका नाम नहीं है।
नहीं मिला औपचारिक न्योता : गर्ग
नपा के वाइस चेयरमैन प्रवीन गर्ग ने बताया कि चेयरमैन अपने निजी कार्य के चलते एक सप्ताह से छुट्टी पर चल रही हैं, वो शहर से बाहर भी हो सकती हैं। वहीं उन्हें कार्यक्रम को लेकर किसी के द्वारा औपचारिक न्योता नहीं दिया गया था। इसके चलते वे भी सोमवार केे अपनी किसी निजी कार्य के कारण शहर से बाहर चले गए थे। सरकार से उनकी कोई नाराजगी नहीं है।