अमर उजाला ब्यूरो
बहादुरगढ़।
जिले में हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (हुडा) द्वारा विकसित रिहायशी सेक्टरों के प्लाट धारक एन्हांसमेंट देने की चिंता से घिरे हुए हैं। हुडा ने 6762 प्लाट धारकों को एक महीने के अंदर एन्हांसमेंट की राशि जमा कराने के आदेश दिए हैं। अन्यथा 15 फीसदी की दर से ब्याज देय होगा। प्लॉट धारकों से राशि न्यायालय द्वारा जमीन के मूल मालिक किसानों की मुआवजा राशि बढ़ाने की वजह से मांगी गई है। उधर, एन्हांसमेंट के आदेश वापस लेने की मांग को लेकर आरडब्लूए ने सोमवार से शहर में धरना शुरू करने का निर्णय लिया है।
प्रत्येक पर लाखों का बोझ
दरअसल, किसानों को कोर्ट के आदेश पर ज्यादा मुआवजा देने के लिए हुडा ने प्लॉट धारकों को एन्हांसमेंट राशि जमा कराने के नोटिस दिए हैं। इस वसूली से प्लॉट धारकों पर लाखों रुपये का बोझ पड़ेगा। बहादुरगढ़ के सेक्टर-2, 9 व 9ए और झज्जर के सेक्टर-9 व 6 के 6762 प्लॉट धारकों पर एन्हांसमेंट की मार पड़ी है। बहादुरगढ़ के सेक्टर-2 व झज्जर के सेक्टर-9 के प्लॉट धारकों तो एन्हांसमेंट के नोटिस दिए जा चुके हैं। इन्हें एक माह में ब्याज बिना राशि का भुगतान करना होगा। इसमें देरी की तो 15 प्रतिशत की दर से ब्याज देना पड़ेगा।
इस हिसाब से देना होगी एन्हांसमेंट
हुडा की ओर से नोटिस सामान्य श्रेणी के प्लाट धारकों को दिए गए हैं। सेक्टर-2 बहादुरगढ़ में 2462 प्लॉट धारकों को 1662 रुपये प्रति वर्ग गज के हिसाब से एन्हांसमेंट देना होगा। इन लोगों को कई दिन पहले नोटिस भेजे जा चुके हैं। सेक्टर-9 झज्जर में 1100 प्लॉट धारकों को 543 रुपये प्रति वर्ग गज एन्हांसमेंट देना होगा।
131 करोड़ की मार
बहादुरगढ़ के सेक्टर-9 व 9ए और झज्जर के सेक्टर-6 के प्लॉट धारकों से भी एन्हांसमेंट वसूलने के संपदा अधिकारी कार्यालय बहादुरगढ़ को आदेश मिल चुके हैं। सेक्टर-9 बहादुरगढ़ के प्लॉट धारकों से 724 रुपये प्रति गज और सेक्टर-9ए में 545 रुपये के हिसाब से वसूली की जाएगी। सेक्टर-9 में लगभग 1550 और सेक्टर-9ए में करीब 2200 प्लॉट हैं। कुल मिलाकर जिले के 6762 प्लाट धारकों पर लगभग 131 करोड़ रुपये एन्हांसमेंट की मार पड़ेगी।
कमाई और कर्ज दोनों लगाए, अब क्या...
सेक्टर-2 निवासी महेश कुमार, आरके कादियान, टीपी सिंह, सेक्टर-9 निवासी अजय राठी, कृष्ण गोपाल, राम कुमार व शमशेर और सेक्टर-9 ए निवासी रामजीत ने कहा कि वे कई साल में अपने प्लॉट का भुगतान कर पाए हैं। अब एन्हांसमेंट के नाम से उनकी कमर तोड़ने की कोशिश की जा रही है। अंजू ने कहा कि अपनी जीवनभर की बचत और कुछ कर्ज लेकर 60 गज का प्लॉट लिया था और फिर से विभाग द्वारा पैसे मांगें गए हैं।
आरडब्लूए करेगी संघर्ष
एन्हांसमेंट योजना आमजन पर सरकार की ज्यादती है। जिन लोगों ने अपनी कड़ी मेहनत करके प्लॉट खरीदा था, अब वे दोबारा से लाखों रुपये कैसे देंगे। अनेक परिवार तो ऐसे होंगे जिनमें कमाने वाला भी कोई नहीं है, और जब प्लॉट धारक पूरी राशि दे चुके हैं तो दोबारा राशि मांगने का मतलब क्या है। किसान को दी कीमत से ज्यादा कीमत हुडा हमसे वसूल चुका है, हम न्याय के लिए कानूनी लड़ाई लड़ेंगे? सोमवार से धरना देंगे।
- गुलाब मलिक, महासचिव, आरडब्लूए, सेक्टर-2, बहादुरगढ़
क्या कहते हैं अधिकारी
हाई कोर्ट व सुप्रीम कोर्ट द्वारा किसानों की जमीन का मुआवजा बढ़ाए जाने के कारण अब हुडा के 6762 प्लॉट धारकों को एन्हांसमेंट की राशि देनी होगी। तभी हुडा किसानों को बढ़ा मुआवजा दे पाएगा। जिले में हुडा के दो सेक्टरों के प्लॉट धारकों को एन्हांसमेंट जमा कराने के लिए सूचित कर दिया गया है। झज्जर के सेक्टर-6 और बहादुरगढ़ के सेक्टरों 9 व 9ए के प्लॉट धारकों को भी जल्द नोटिस जारी किया जाएगा।
-विकास ढांढा, ईओ, हुडा, बहादुरगढ़