अमर उजाला ब्यूरो
बेरी (झज्जर)।
भाजपा ने न तो गलत किया है और न हीं भाजपा की मंशा किसी को गलत तरह से फंसाने की है। यदि किसी ने गलत किया है तो उसका गलत परिणाम ही उस व्यक्ति के सामने आएगा और पूर्व सीएम हुड्डा को कांग्रेस में ही उनके दुश्मन सलाखों के पीछे देखना चाहते है। यह कहना उचना की विधायक प्रेमलता का था।
उचाना की विधायक प्रेमलता रविवार को बेरी के किसान रेस्ट हाउस में 15 फरवरी को जींद में हाने वाली भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष की रैली में भाग लेने का न्यौता देने के लिए आई थी। पूर्व मुख्यमंत्री चौ. भूपेंद्र सिंह हुड्डा पर तंज कसते हुए प्रेेमलता ने कहा कि आज सभी कांग्रेसी भाजपा के प्रदेश व केन्द्रीय नेताओं पर हुड्डा को राजनीतिक भावना से गलत ढंग से फंसाने की बात कह रहे है। लेकिन यह भी सच्चाई है कि पूर्व सीएम हुड्डा को भाजपा व हुड्डा के विरोधी नहीं हैं। बल्कि कांग्रेस में ही उनके दुश्मन जेल की सलाखों के पीछे देखना चाह रहे है। वह ऊपर से तो पूर्व सीएम हुड्डा के समर्थन में घडियाली आंसू बहा रहे हैं, लेकिन सच्चाई यह है कि उनकी मंशा हुड्डा को जेल में देखने की ही है।
विधायक प्रेमलता ने इस मौके पर कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला, अध्यक्ष डॉ. अशोक तंवर और विधायक दल की नेता किरण चौधरी पर निशाना साधते हुए कहा कि राजनीति इतनी संवेदनशील हो चुकी है कि पार्टी में रहकर ही एक-दूसरे की पीठ में खंजर घोंपने की राजनीति इन दिनों कांग्रेस में हावी है। उन्होंने लोगों को जींद की भाजपा की रैली का न्यौता देते हुए कहा कि वह इस सरजमी पर इसलिए यहां आई है, क्योंकि यह भूमि सर छोटूराम की भी कर्मभूमि रही है। इसलिए सभी का फर्ज बनता है कि जो पार्टी आज आमजन के हित में काम कर रही है तो उस पार्टी की रैली में सभी को उत्साह के साथ पहुंचना चाहिए।
इस मौके पर भाजपा नेता विक्रम कादियान, नगर पालिका चेयरमैन के प्रतिनिधि निर्भय कादियान, बेरी मंडल अध्यक्ष धर्म सिंह, ब्लॉक समिति मेंबर जसबीर माजरा, दीपक राज्याण, मार्केट कमेटी के चैयरमेन मनीष दुजाना, युवा मोर्चा मंडल अध्यक्ष नसीब बाघपुर, पार्षद जितेंद्र, पार्षद प्रवीण सलूजा, रविभान राठी, संजय, राजेंद्र शर्मा आदि कार्यकर्त्ता मौजूद रहे।