प्राथमिक शिक्षक संघ ने प्रदर्शन कर सौंपा ज्ञापन
चरखी दादरी।
राजकीय प्राथमिक शिक्षक संघ ने लंबित मांगें मनवाने के लिए बुधवार को विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान कर्मचारियों ने नारेबाजी कर रोष जताया और उपायुक्त कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन सौंपा। प्रदर्शन की अगुवाई जिला प्रधान राजबीर सिंह बिलावल ने की। सीएम के नाम सौंपे गए ज्ञापन में उन्होंने बताया कि संघ की विभिन्न मांगें लंबे समय से पेंडिंग हैं लेकिन प्रदेश सरकार इस ओर कोई ध्यान नहीं दे रही।
जिला प्रधान बिलावल ने बताया कि उन्होंने ज्ञापन में ऐनीवेयर और अंतर जिला स्थानांतरण करना, प्राथमिक शिक्षकों की पदोन्नति करना, विद्यालय विलय पर रोक लगाना, सभी प्राथमिक विद्यालय में चपड़ासी और चौकीदार की नियमित नियुक्ति करवाना, नीलम रानी एरियर शीघ्र निकलवाना, बच्चों की सभी प्रकार की सहायता समयानुसार दिलवाना, गैर शैक्षणिक कार्यों से मुक्त करवाना, नवनियुक्ति शिक्षकों में शेष अध्यापकों को नियुक्त करवाना, डीईओ की नवर्निवाचित जिला चरखी दादरी में नियुक्ति करवाना आदि मांगें शामिल हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि मांगों को पूरा नहीं किया गया तो संघ राज्य स्तरीय आंदोलन करने को मजबूर होगा। इस अवसर पर महासचिव नृपेंद्र, कोषाध्यक्ष ऋषि सांगवान, जगमेंद्र छिल्लर, शमशेर सिंह, दादरी ब्लॉक प्रधान अनिल फौगाट, बाढड़ा ब्लॉक प्रधान संदीप, बौंद ब्लॉक प्रधान हिम्मत, सचिव जयवीर सिंह, जिले सिंह, पवन कुमार, शिव शंकर, सुरेंद्र, राजेश, सुनीता, रीना, हेमकिरण, मंजू आदि उपस्थित थे।