गोला फेंक में दीपेंद्र ने तोड़ा अपना नेशनल रिकार्ड, संगठनों ने दी बधाई
अमर उजाला ब्यूरो
चरखी दादरी।
आंध्र प्रदेश के विजयवाड़ा में 16 से 20 नवंबर तक आयोजित 33वीं जूनियर नेशनल चैंपियनशिप में गोला फेंक प्रतियोगिता में दीपेंद्र डबास ने नया नेशनल रिकॉर्ड बनाया है। दीपेंद्र ने 20.63 मीटर के अपने पिछले रिकॉर्ड को तोड़ डाला। उन्होंने 20.96 मीटर गोला फेंककर नया कीर्तिमान स्थापित किया है। इसके अलावा दीपेंद्र डबास को प्वाइंट के आधार पर राष्ट्र का बेस्ट एथलीट एवं महाबली एथलीट के खिताब से नवाजा गया। यह जानकारी कबड्डी कोच शकुंतला ने दी। उन्होंने बताया कि दीपेंद्र डबास जनता कालेज में बीए द्वितीय वर्ष का छात्र है। वह बलिदान स्टेडियम में लगातार अभ्यास करता रहा है। उन्होंने बताया कि तीन सालों में दीपेंद्र ने गोला फेंक में सात नए रिकॉर्ड बनाए हैं। अब वह टोकियो में होने वाले एशियन चैंपियनशिप के लिए तैयारी कर रहा है। पिछले वर्ष दो बार हरियाणा सीनियर वर्ग में भी दीपेंद्र गोल्ड मेडल हासिल कर चुका है। दीपेंद्र की इस जीत में कोच देवेंद्र कुमार का प्रशिक्षण सराहनीय रहा है। दीपेंद्र के दादरी शहर में पहुंचने पर एथलेटिक्स एसोसिएशन के प्रधान राजेश समसपुर, डिफेंस अकादमी के संचालक विजेंद्र फौगाट, एमसी कॉलोनी देवेंद्र श्योराण, राजेश सांगवान, मास्टर सदानंद, डीपीई महेंद्र यादव, जनता कॉलेज डीपीई भूपेंद्र काद्यान, राजेंद्र फौगाट, मेजर सुनील फौगाट, नगर चेयरमैन संजय छपारिया, एथलेटिक्स कोच विजेंद्र समसपुर ने बधाई देकर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।