ग्रामीणों की शिकायत पर डीसी ने पटवारी से मांगा स्पष्टीकरण
अमर उजाला ब्यूरो
चरखी दादरी।
उमरवास के ग्रामीणों ने बुधवार को चकबंदी के लिए नियुक्त पटवारी के कार्यभार न संभालने की शिकायत की उपायुक्त से की। ग्रामीणों ने बताया कि उमरवास में चकबंदी के लिए 15 अक्तूबर को पटवारी नियुक्त किया गया था लेकिन अब तक पटवारी ने कार्यभार नहीं संभाला है। इससे गांव में चकबंदी का कार्य अधर में लटका हुआ है। ग्रामीणों की शिकायत के बाद उपायुक्त ने सहायक चकबंदी अधिकारी बाढड़ा को पत्र लिखकर पटवारी से तीन दिन में स्पष्टीकरण मांगा और शीघ्र उमरवास में चकबंदी का कार्य शुरू करने के निर्देश दिए। ज्ञात रहे कि उमरवास के ग्रामीणों ने चंदा एकत्रित कर चकबंदी का कार्य शुरू करवाया था। इसी दौरान चकबंदी का कार्य कर रहे दोनों पटवारियों का तबादला हो गया और कार्य अधर में लटक गया। ग्रामीणों ने उपायुक्त से मुलाकात कर पटवारी नियुक्त करने की मांग की थी। उपायुक्त ने 15 अक्तूबर को जयपाल पटवारी को उमरवास में चकबंदी कार्य के लिए नियुक्त किया था, लेकिन पटवारी ने अब तक अपना कार्यभार नहीं संभाला। इस मौके पर गांव उमरवास निवासी भूप सिंह नंबरदार, ओमप्रकाश, पूर्व सरपंच विजय मोटू, ऋषिपाल उमरवास, गुणपाल सिंह, छोटू राम शर्मा, रूपचंद, ओमकार, फूल कुमार, जगदीप, अनूप सिंह, रामफल, अजीत सिंह, छत्तर सिंह, संदीप नंबरदार, कपूर पंच, कृष्ण कुमार, सूरजभान, नवीन कुमार, मुख्तयार सिंह, महिपत, धर्मपाल, राधेश्याम शर्मा, मंजीत, हरिज्ञान, पवन कुमार, राजल, आनंद सहित अनेक ग्रामीण उपस्थित रहे।