अमर उजाला ब्यूरो
झज्जर।
राज्यपाल प्रो. कप्तान सिंह सोलंकी झज्जर में आयोजित होने वाली स्वर्ण जयंती पशुधन प्रदर्शनी-2017 का 27 अक्तूबर को शुभारंभ करेंगे। जबकि मुख्यमंत्री मनोहर लाल 29 अक्तूबर को कार्यक्रम के समापन समारोह में बतौर मुख्यातिथि शिरकत करेंगे। हरियाणा के कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री ओमप्रकाश धनखड़ की अध्यक्षता में आयोजित होने वाले तीन दिवसीय कार्यक्रम के दूसरे दिन केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री राधा मोहन सिंह भागीदारी करेंगे। मंगलवार को राज्य स्तरीय कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर उपायुक्त सोनल गोयल ने प्रवर पुलिस अधीक्षक बी सतीश बालन के साथ आयोजन स्थल पुलिस लाइन का दौरा कर तैयारियों का जायजा लिया। मेले के दौरान लगने वाली पशुओं की प्रदर्शनी, दूसरे दिन होने वाली पशुओं की कैटवॉक व राज्यपाल-केंद्रीय मंत्री-मुख्यमंत्री के कार्यक्रमों की व्यवस्था को लेकर उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
ढाई हजार पशु बनेंगे मेले का हिस्सा
उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि कार्यक्रम में करीब ढाई हजार पशु और पांच हजार पशुपालक तीन दिन तक आयोजन स्थल पर मौजूद रहेंगे। ऐसे में खान-पान, स्वच्छता, सुरक्षा व अन्य इंतजामों को लेकर किसी प्रकार की कमी नहीं चाहिए। राज्य स्तरीय आयोजन होने के कारण सभी जिलों से पशुपालक इस प्रदर्शनी को देखने भी आएंगे। आयोजन स्थल पर स्वास्थ्य सेवा, अग्निशमन, पीने के पानी की व्यवस्था, सफाई के इंतजामों के साथ-साथ प्रवेश व निकास के उचित इंतजाम होने चाहिए। उन्होंने बताया कि प्रदर्शनी में विभिन्न विभागों व पशुपालन से जुड़े उत्पादों की ओर से स्टाल भी लगाई जाएंगी। उन्होंने बताया कि प्रदर्शनी में आने वाले किसानों के पंजीकरण के लिए पर्याप्त कर्मी लगाए जाने चाहिए। साथ ही तीनों दिन आयोजित होने वाले सेमिनारों को लेकर भी आवश्यक इंतजाम किए जाए।
सुरक्षा व्यवस्था रहेगी दुरुस्त
प्रवर पुलिस अधीक्षक ने तीन दिन चलने वाली प्रदर्शनी को लेकर झज्जर-बहादुरगढ़ मार्ग पर पुलिस नाका लगाने, यातायात कर्मियों की ड्यूटी व पार्किंग आदि इंतजामों को लेकर भी निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि वीआईपी आगमनत्न को लेकर संबंधित अधिकारी गंभीरता से कार्य करें। ड्यूटी के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हिमांशु गर्ग, अतिरिक्त उपायुक्त नरेश नरवाल, एसडीएम झज्जर प्रदीप कौशिक, भाजपा के जिलाध्यक्ष बिजेंद्र दलाल, सीटीएम अश्विनी श्कुमार, जिला परिषद की सीईओ शिखा, जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी विशाल कुमार व जिला फायर अधिकारी देवेंद्र कुमार नंदा व पशुपालन विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।
- स्वर्ण जयंती राज्य पशुधन प्रदर्शनी 2017
- राज्यपाल कप्तान सिंह सोलंकी करेंगे शुभारंभ, सीएम मनोहर लाल समापन पर मुख्य अतिथि
- डीसी सोनल गोयल और एसएसपी बी सतीश बालन ने लिया तैयारियों का जायजा