अमर उजाला ब्यूरो
बहादुरगढ़।
नजदीकी गांव झाड़ोदा के एक मकान में चोरों ने सामान पर हाथ साफ कर दिया है। कमरों के दरवाजे तोड़कर चोर मोटरसाइकिल, सिलेंडर, स्क्रैप, रुपये व गहने आदि चोरी कर ले गए। पुलिस ने केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
मूलत: रोहतक के गांव कसरेटी का निवासी धर्मेंद्र का परिवार पिछले कुछ समय से बहादुरगढ़ से सटे दिल्ली के गांव झाड़ोदा सैनिक एंकलेव में रह रहा है। धर्मेंद्र दूध व्यवसायी है। रक्षाबंधन पर्व मनाने के लिए धर्मेंद्र परिवार सहित 12 अगस्त को अपने गांव चला गया। घर पर कोई नहीं था। बुधवार की देर शाम वे वापस आए तो मकान में अंदर का हाल देख उनके पैरों तले की जमीप सरक गई। जब धर्मेंद्र अंदर घुसा तो एक कमरे का खेत की ओर लगता दरवाजा खुला मिला। ऊपरी तल वाले कमरे के दरवाजे भी टूटे मिले। भीतर तमाम सामान अस्त-व्यस्त था।
जांच करने पर काफी सामान गायब मिला। छत के दो पंखे उतरे हुए थे तो एक फराटा व कूलर भी गायब था। सिलवर के आठ बड़े पतीले, 5 गैस सिलेंडर, कार के चार टायर इन्वर्टर व 2 बैटरी, 12 हजार रुपये नकदी, मंदिर से चांदी का छतर पर भी चोरों ने हाथ साफ कर दिया। इनके अलावा एक पल्सर बाइक व छत पर रखे लगभग एक क्विंटल लोहे के कबाड़ को भी चोर ले गए। घर से यह सामान चोरी होने से आसपड़ोस के लोग भी हैरान हैं। आशंका है कि चोर सामान को वाहन में भरकर ले गए होंगे। धर्मेंद्र के मुताबिक, उसे लाखों रुपये का नुकसान हुआ है।
सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस
वहीं, बाबा हरिदास नगर थाना प्रभारी एएसआई आनंद प्रकाश ने कहा कि व्यक्ति की शिकायत पर चोरी का केस दर्ज कर लिया गया है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज चेक की जाएगी और पड़ोस के लोगों से भी पूछताछ की जाएगी। जल्द ही चोरों की पहचान कर उन्हें पकड़ लिया जाएगा।
घर में घुसकर चोरों ने नकदी और सामान पर किया हाथ साफ