फोटो 66: प्रशिक्षण कार्यक्रम में मिले प्रमाण पत्र दिखाते अध्यापक। स्रोत स्कूल
बहादुरगढ़। निपुण मिशन के अंतर्गत फाउंडेशनल लिटरेसी एंड न्यूमरेसी (एफएलएन) प्रशिक्षण का 5 दिवसीय कार्यक्रम राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में संपन्न हुआ। इस प्रशिक्षण में जिले के 200 प्राथमिक शिक्षकों ने भाग लिया। प्रशिक्षण का उद्देश्य शिक्षकों को राष्ट्रीय पाठ्यचर्या की रूपरेखा (फाउंडेशनल स्टेज), नई पाठ्यपुस्तकों और हिंदी, गणित व अंग्रेजी में उपयुक्त शिक्षण विधियों से परिचित कराना रहा। यह प्रशिक्षण बच्चों में बुनियादी साक्षरता और संख्यात्मकता कौशल को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
प्रशिक्षण के समापन के दौरान जिला प्रारंभिक शिक्षा अधिकारी वीरेंद्र सिंह ने शिक्षकों को संबोधित करते हुए कहा, यह प्रशिक्षण निपुण मिशन के लक्ष्यों को प्राप्त करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। शिक्षकों को नवीन शिक्षण विधियों से लैस करना बच्चों के बुनियादी कौशलों को मजबूत करने की दिशा में एक ठोस प्रयास है। जिला परियोजना समन्वयक रतिंदर सिंह ने अपने संबोधन में कहा, शिक्षक हमारे शिक्षा तंत्र की रीढ़ हैं।
खंड शिक्षा अधिकारी शेर सिंह ने कहा, यह प्रशिक्षण आपको अपनी कक्षा में रचनात्मक और प्रभावी शिक्षण विधियों को लागू करने का अवसर प्रदान करता है। जिला निपुण समन्वयक डॉ. सुधर्शन पुनिया ने कहा, बच्चों में साक्षरता और संख्यात्मकता के विकास में मील का पत्थर साबित होगा। प्रशिक्षण के अंत में सभी शिक्षकों को प्रमाण पत्र वितरित किए गए।