नागरिक अस्पताल की इमरजेंसी वार्ड में भर्ती मरीज
बहादुरगढ़। गर्मी और लू के चलते डायरिया ने लोगों को चपेट में लेना शुरू कर दिया है। बच्चे, बुजुर्ग और युवा सब प्रभावित हैं। सामान्य अस्पताल की इमरजेंसी में डायरिया के 20 मरीज पहुंचे। कई को भर्ती कर उपचार किया गया।
सामान्य अस्पताल की इमरजेंसी में 50 प्रतिशत मरीज उल्टी-दस्त और मौसमी बीमारियों से जकड़े हुए पहुंच रहे हैं। पेट रोगी भी आ रहे हैं। कई ऐसे भी मरीज हैं जो खराब खानपान के शिकार हैं और उनको फूड्स प्वाइजनिंग की समस्या है। बाल रोग विशेषज्ञ के पास भी 20 से अधिक बच्चे डायरिया, उल्टी-दस्त के पहुंच रहे हैं। इस मौसम में धूप में बाहर निकलने पर लू लग जाती है। जिनकी रोग प्रतिरोधक क्षमता कम होती है वे इसकी चपेट में अधिक आते हैं।
बाल रोग विशेषज्ञ डॉ.अहिभूषण ने बताया कि मौसम के कारण ओपीडी में बच्चों की संख्या बढ़ी है। सामान्य बीमारी से बच्चे पीड़ित हैं। जरूरत पर बच्चों को भर्ती भी किया जा रहा है। नागरिक अस्पताल की इमरजेंसी में मौजूद फिजीशियन डॉ. दिग्विजय ने बताया कि इमरजेंसी में उल्टी-दस्त, डायरिया के 20 मरीज रोजाना आ रहे हैं। उन्होंने लोगों को आगाह करते हुए कहा कि अगर शरीर में कोई भी परेशानी हो तो तुंरत डॉक्टर को दिखाएं। हल्का भोजन करें और पेय पदार्थ में भी सावधानी बरें। स्वच्छ जल पीएं और बाहरी खाना-पान से बचें। डायरिया व उल्टी-दस्त की शिकायत होने पर तत्काल अस्पताल आएं।