अमर उजाला ब्यूरो
चरखी दादरी। सीआईए टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर इमलोटा गांव से दो युवकों को चोरी की बाइक और कारतूस सहित गिरफ्तार किया है। इनके खिलाफ सदर पुलिस थाने में संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है। शुक्रवार सुबह पुलिस ने आरोपियों का मेडिकल करवाकर उन्हें कोर्ट में पेश किया जहां से उन्हें जेल भेज गया है। पुलिस प्रवक्ता अशोक कुमार ने बताया कि वीरवार शाम सीआईए प्रभारी कर्मवीर को गुप्त सूचना मिली थी कि इमलोटा गांव में दो युवक चोरी की बाइक लिए हुए हैं और वो इसे बेचने की फिराक में घूम रहे है। इस आधार पर सीआईए प्रभारी ने मुख्य सिपाही अशोक कुमार के नेतृत्व में एक टीम गठित की और मौके पर दबिश देने के लिए भेजा। पुलिस संदेह के आधार पर इमलोटा बस स्टैंड के समीप बिना नंबर प्लेट की स्प्लैंडर बाइक लिए खड़े युवकों के पास पहुंची तो उन्होंने मौके से भागने का प्रयास किया लेकिन पुलिस टीम ने उन्हें काबू कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने कबूल किया कि बाइक चोरी की है। उनकी तलाशी लेने पर पुलिस कर्मियों को जेब से दो कारतूस भी बरामद हुए। आरोपियों की पहचान सांगा निवासी दिनेश उर्फ कल्लू व इमलोटा निवासी खुशवेंद्र उर्फ सांडा के रूप में हुई। पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि यह बाइक उन्होंने गत वर्ष चार सितंबर को भिवानी से चोरी की थी। सदर थाने में दोनों आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया गया।