झज्जर। गुरुग्राम में 19 नवंबर को आयोजित होने वाले कार्यक्रम व प्रधानमंत्री के आगमन के मद्देनजर झज्जर, बहादुरगढ़ व बादली की तरफ से गुरुग्राम की तरफ जाने वाले भारी वाहनों को रोककर उनके मार्ग को बदलने के दिशा निर्देश जारी किये गए हैं। आमजन की सुरक्षा व सुविधा के मद्देनजर केवल केएमपी उद्घाटन कार्यक्रम के लिये गुरुग्राम जाने वाले वाहनों को छोड़कर बाकी सभी प्रकार के भारी वाहनों के लिये मार्ग परिवर्तन किया गया है। एसपी पंकज नैन के दिशा निर्देशानुसार झज्जर जिला के किसी भी सड़क मार्ग से गुरूग्राम की तरफ जाने वाले भारी वाहनों को रोककर उनके मार्ग में परिवर्तन किया गया है। झज्जर से वाया फरुखनगर गुरूग्राम जाने वाले भारी वाहनों रोककर उनके मार्ग को बदल कर राष्ट्रीय राजमार्ग नंबर 71 रेवाड़ी रोड की तरफ मोड़ दिया जाएगा।
लगाए गए हैं सात विशेष नाके
भारी वाहनों के मार्ग परिवर्तन के लिए झज्जर पुलिस द्वारा झज्जर, बहादुरगढ़ व बादली के एरिया में अलग-अलग सात विशेष नाके लगाए गए हैं। जो भारी वाहन चालकों को गुरूग्राम की तरफ जाने से रोकने व उचित वैकल्पिक मार्ग की तरफ मोड़ने का कार्य करेंगे। भारी वाहनों के लिए मार्ग परिवर्तन 19 नवंबर 2018 की शाम छह बजे तक किया जाएगा। गुरूग्राम शहर की तरफ जाने वाली सभी सड़कों पर भारी वाहनों के प्रवेश पर पांबदी रहेगी।
इस तरह किए गए हैं रूट डायवर्ट
बहादुरगढ़ से वाया बादली गुरुग्राम को जाने वाले भारी वाहनों को रोककर वैकल्पिक मार्ग की तरफ मोड़ दिया जाएगा। जो भारी वाहन बादली अथवा आसपास के गांव से वाया बादली गुरूग्राम जाना चाहते होंगे उन्हें भी वैकल्पिक मार्ग की तरफ मोड़ दिया जाएगा। जो भी वाहन चालक केएमपी का इस्तेमाल करके गुरूग्राम की तरफ जाने की कोशिश करेंगे, उन्हें भी रोक दिया जाएगा। जो भारी वाहन चालक राष्ट्रीय राजमार्ग नंबर 71 रिवाड़ी रोड कुलाना चौक से गुरूग्राम की तरफ जानना चाहेंगे, उन्हें कुलाना चौक पर ही रोककर वैकल्पिक मार्ग की तरफ मोड़ दिया जाएगा। जो भारी वाहन चालक रोहतक, बेरी, झज्जर की तरफ से वाया फारुखनगर गुरूग्राम जाना चाहेंगे, उन्हें भी झज्जर बाईपास पर रोककर वैकल्पिक मार्ग की तरफ मोड़ दिया जाएगा।