सीएम ने किया केएमपी एक्सप्रेस वे का निरीक्षण, दो दिन में तैयार हो जाएगा टोल
बहादुरगढ़। सीएम मनोहर लाल छह मार्गीय केएमपी एक्सप्रेस-वे का निरीक्षण करते हुए पलवल से फरुखनगर होते हुए शाम को बहादुरगढ़ पहुंचे। इस दौरान उन्होंने टोल प्लाजा और एक्सप्रेस-वे पर चल रहे कार्य का भी जायजा लिया। पलवल से लेकर कुंडली तक एक्सप्रेव-वे के निरीक्षण के दौरान उनके साथ पीडब्ल्यूडी मंत्री राव नरबीर सिंह सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे। इस दौरान उन्होंने निर्माण एजेंसी के अधिकारियों से काम के संबंध में जानकारी भी ली।
एजेंसी के अधिकारियों ने बताया कि एक्सप्रेस-वे पर 64 कलवर्ट, 8 माइनर ब्रिज, 6 मेजर ब्रिज, 4 आरओबी, 34 अंडरपास सहित अन्य आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। वहीं मुख्य मार्गों को जोड़ने वाले रैंप निर्माण कार्य भी अंतिम चरण में है। केएमपी सड़क निर्माण के साथ ही केएम ई टोल का निर्माण कार्य भी अंतिम रूप में है। अधिकारियों ने बताया कि उक्त एक्सप्रेस वे का निर्माण कार्य लगभग 98 प्रतिशत पूरा हो गया है और शेष कार्य को जल्द पूरा हो जाएगा। इस मौके पर एचएसआईआईडीसी के अतिरिक्त प्रबंध निदेशक व केएमपी प्राधिकरण के विशेष कार्यकारी अधिकारी डॉ. नरहरि सिंह बांगड़, एसपी पंकज नैन, एडीसी सुशील सारवान सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
रेस्ट हाउस में रहीं रिजर्व पुलिस फोर्स
सीएम के केएमपी निरीक्षण के दौरान पुलिस की एक यूनिट को रेस्ट हाउस में रिजर्व रखा गया। रिजर्व की गई यूनिट महिला पुलिस की थी। सीएम के निरीक्षण के दौरान किसी भी परिस्थिति से निपटने के लिए पुलिस के साथ ट्रैफिक पुलिस को सतर्क किया गया था। पुलिस ने सभी चौराहों पर ट्रैफिक पुलिस की तैनाती की थी ताकि शहर में कहीं जाम की स्थिति न बन सके।
सीआईडी भी रही अलर्ट
केएमपी निरीक्षण के दौरान शहर में सीआईडी को विशेष रूप से अलर्ट कर दिया गया था। हालांकि पुलिस और प्रशासन को इस बात का भी डर था कि कहीं रोडवेज के हड़ताली कर्मचारी केएमपी एक्सप्रेस-वे पर पहुंचकर विरोध प्रदर्शन न करने लगे। इसलिए पुलिस ने यहां की सुरक्षा व्यवस्था को देखकर शहर में अपने सभी नेटवर्क को अलर्ट कर दिया।