अमर उजाला ब्यूरो
झज्जर। बाजरा खरीद को लेकर किसानों के द्वारा मंडी में अधिकारियों के सामने अब तक 55 शिकायतें रखी गई हैं। जो कि रिकार्ड ऑनलाइन नहीं करने, पोर्टल पर ब्यौरा दर्ज नहीं करवा सकने तथा पटवारी नहीं मिलने से संबंधित हैं। वहीं कुछ किसानों के द्वारा पोर्टल पर ब्योरा दर्ज करवाते समय गलत बैंक या आईएफएससी कोड नंबर भरने जैसी शिकायतें हैं। जिसके समाधान के लिए नोडल अधिकारी एचसीएस शिखा की कमेटी ने अलग-अलग विभागों को इन शिकायतों को फारवर्ड किया गया है। वहीं गलत बैंक या आईएफएससी कोड नंबर भरने जैसी शिकायतों का निपटारा उनके द्वारा अब तक पूर्णतया करवा दिया गया है।
सक्षम युवा संभालेंगे मंडी में कमान
मंडियों में बाजरा खरीद को लेकर किसानों को अनेक प्रकार की समस्याओं को सामना करना पड़ रहा है। जिसमें गेट पास नहीं मिलने, बाजरा बेचने से संबंधित दस्तावेजों को पूरा नहीं कर पाना जैसी समस्याएं मुख्य हैं। ऐसे किसानों की सहायता के लिए मंडियों में अब हेल्प डेस्क की सुविधा की जा रही है। जिन पर सक्षम युवा अपनी सेवाएं देंगे। सक्षम युवा ऐसे किसानों की मदद करेंगे, जिन्हें किसी भी प्रकार की समस्या आ रही है।
सवा 11 हजार क्विंटल हो चुुकी है बाजरे की खरीद
मंडी में शनिवार शाम तक सवा 11 हजार क्विंटल बाजरे की खरीद हो चुकी है। वहीं बाजरा खरीद में 10 अक्तूबर के बाद तेजी आने के आसार हैं। क्योंकि अभी इस पैमाने पर मंडी में आवक ही नहीं हो रही है। वहीं करीब 20 फीसदी रिकार्ड भी पटवारियों के द्वारा वैरिफिकेशन के बाद ऑनलाइन नहीं किया गया है। जिससे किसान पटवारियों के पास जाने के पचड़े में नहीं फंसना चाह रहे।
शनिवार शाम तक सवा 11 हजार क्विंटल बाजरे की खरीद हो चुकी है। किसानों की सुविधा के लिए हेल्प डेस्क लगाया जा रहा है, जिन्हें सक्षम युवा संभालेंगे। वहीं अब तक कमेटी के पास 55 शिकायतें किसानों के द्वारा सौंपी गई हैं। जिनके समाधान के लिए संबंधित विभाग को फारवर्ड कर दी गई हैं।