चरखी दादरी। रासीवासिया मार्केट के पास स्थित सी-34 फाटक को खुला रखने के लिए सोमवार को कृषि मंत्री ओमप्रकाश धनखड़ को ज्ञापन सौंपा। शहर के लोगों सहित आसपास वाले गांवों के ग्रामीण झज्जर पहुंचे और उन्होंने कृषिमंत्री को अपनी मांग से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि रासीवासिया मार्केट के छोटे-छोटे दुकानदार हैं। दादरी के आसपास के विभिन्न गांवों से आकर अपनी छोटी मोटी दुकान चला रहे हैं। उन्होंने बताया कि जहां पर फाटक बना है वे रास्ता चरखी दादरी में आने के लिए विभिन्न गांवों का मुख्य रास्ता है और इससे हजारों लोग प्रतिदिन गुजरते हैं।
इन लोगों की समस्याओं को देखकर फाटक खुला रखना जरूरी है। उन्होंने बताया कि यदि यह फाटक बंद हो गया तो शहर में आने का रास्ता बंद हो जाएगा और रेलवे अंडर ब्रिज से साधनों का आनाजाना नहीं हो सकता। इस अवसर पर व्यापार मंडल के प्रधान रविंद्र गुप्ता, रासीवासिया मार्केट एसोसिएशन के प्रधान महेंद्र भारद्वाज, रामकरण कलकल, रामकुमार शर्मा अचीना, सतबीर बलोदा, सेठ सीताराम, देवीचंद शर्मा, राजवीर शर्मा, विजय सेठ, चीकू शर्मा, विजय कानेजर, पवन बंसल, रविंद्र मकड़ानिया, धर्मपाल, मनोज गोयल, रामकुमार गुप्ता, ऋषि आनंद, राज सिंह महला, कुलदीप पातुवास, चांद खाचरौली आदि व्यक्ति कृषिमंत्री को ज्ञापन सौंपने पहुंचे।