बहादुरगढ़। राजस्थान के चितौड़गढ़ में चल रही नेशनल कुश्ती चैंपियनशिप में बहादुरगढ़ का मनीष पहलवान छाया रहा। शानदार प्रदर्शन करते हुए मनीष ने फाइनल में मध्य प्रदेश के पहलवान को चित्त कर स्वर्ण पदक हासिल किया। मनीष की जीत से साथी पहलवानों और कुश्ती प्रेमियों में खुशी की लहर दौड़ गई। रविवार को अखाड़े में मनीष का अभिनंदन किया जाएगा।
भारतीय कुश्ती संघ की ओर से राजस्थान के चितौड़गढ़ में तीन दिवसीय कुश्ती नेशनल चैंपियनशिप का आयोजन किया गया है। 28 सितंबर से शुरू हुई चैंपियनशिप में देशभर के पहलवान भाग ले रहे हैं। बहादुरगढ़ के रेलवे रोड स्थित शहीद ब्रिगेडियर होशियार स्टेडियम (अखाड़े) के पहलवान मनीष ने भी जोर आजमाइश की। चैंपियनशिप के 60 किलोग्राम भारवर्ग की ग्रीकोरोमन स्पर्धा में मनीष छाया रहा। तीन कुश्तियां जीतकर मनीष फाइनल में पहुंचा। फाइनल में मध्य प्रदेश के पहलवान को हराकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। मनीष की जीत पर कोच सोल्हा पहलवान, कृष्ण, सुधीर, बलराज, अशोक पहलवान और मनोज आदि ने खुशी जताई है।
मूलत: टिटौली (सोनीपत) का निवासी मनीष पिछले करीब दस साल से बहादुरगढ़ स्थित शहीद ब्रिगेडियर होशियार सिंह स्टेडियम में अभ्यास कर रहा है। 20 वर्षीय मनीष बेहद होनहार पहलवान है। सीनियर नेशनल में गोल्ड और जूनियर एशियन चैंपियनशिप में दो मेडल जीत चुका है। अफ्रीका में हुई कॉमनवेल्थ चैंपियनशिप में भी मनीष ने गोल्ड जीता था। इसके अलावा देसी दंगलों में भी कई खिताब जीत चुका है। पहलवानी के अलावा मनीष नेवी में सेवाएं दे रहा है। कोच सोल्हा ने कहा कि पिछले कुछ समय से लगातार जीत दर्ज कर मनीष इलाके का मान बढ़ा रहा है। जीतकर लौटने पर उसका भव्य अभिनंदन किया जाएगा।