अमर उजाला ब्यूरो
चरखी दादरी। केएन सीनियर सेकेंडरी स्कूल में शनिवार को आयोजित कार्यशाला में एडीसी मनोज कुमार ने जिले के विभिन्न राजकीय स्कूलों के शिक्षकों को टिप्स दिए। इस दौरान एडीसी ने शिक्षण कार्य में नवीनतम तकनीक प्रयोग करने और बच्चों के साथ कुशल व्यवहार करने के लिए प्रेरित किया। कार्यशाला में दादरी ब्लॉक के करीब 100 शिक्षकों ने भाग लिया। यह कार्यशाला करीब चार घंटे तक चली।
एडीसी मनोज कुमार ने शिक्षकों को कहा कि सक्षम हरियाणा के तहत हर राजकीय स्कूल के 80 फीसदी बच्चे 50 प्रतिशत अंक से पानी होने चाहिए। इसके लिए पुराने ढर्रे की बजाय आधुनिकता के हिसाब से शिक्षण शैली में बदलाव लाने की जरूरत है। एडीसी ने इस बारे में बाकयदा ब्लैक बोर्ड पर लिखकर शिक्षकों को समझाया।
उन्होंने कहा कि जब तक शिक्षक अपने कर्तव्य के प्रति सजग व जागरूक नहीं होंगे तब तक राजकीय स्कूलों का परीक्षा परिणाम में सुधार नहीं आएगा। उन्होंने कहा कि अब शिक्षकों को न केवल बच्चों का बल्कि पढ़ाई का स्तर भी ऊंचा उठाने का बीडा उठाना है। उन्होंने कहा कि यह युग महज किताबी ज्ञान तक सीमित रहने का नहीं है। आधुनिक समय के साथ अगर हम कदम से कदम मिलाकर चलेंगे तो ही मुकाम हासिल कर पाएंगे। इसलिए सभी शिक्षक अभी से आगामी परीक्षाओं की तैयारियों में जुट जाए और बच्चों को अथक मेहनत के बलबूते पर न केवल कामयाब करे बल्कि सामाजिकता के गुण के साथ-साथ राष्ट्र के प्रति कर्तव्यों की जानकारी भी बच्चों को दे।