अमर उजाला ब्यूरो
झज्जर। अपराधिक गतिविधियों को रोकने के लिए और विकास कार्यों में सहयोग देने के लिए पुलिस ने एक अनूठी पहल शुरू की है। झज्जर के पुलिस अधीक्षक ने गांव दूबलधन को गोद लिया है। पुलिस विभाग द्वारा गांव में अपराध रोकने के साथ-साथ युवाओं को शिक्षा, खेल और रोजगार के प्रति भी जागरूक किया जाएगा। जिला के पुलिस अधिकारियों को पुलिस अधीक्षक पंकज नैन द्वारा गोद लिए गए गांव दूबलधन में योजनाबद्ध तरीके से गांव से आपराधिक गतिविधियों को रोकने और नशे पर अंकुश लगाने के दिशा-निर्देश दिए गए है। इसी के तहत गांव दूबलधन में खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। जिसमें मुख्य अतिथि के तौर पर पहुंच कर एसपी पंकज नैन ने बड़ी संख्या में मौजिज ग्रामीणों एवं युवाओं के बीच गांव दूबलधन गोद लेने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि उनका गांव आने का उद्देश्य आप लोगों से सीधा संपर्क बनाने का है ओर भविष्य में भी आप लोगों के संपर्क में रहेंगे।
-नशे के खिलाफ चलेगा अभियान
एसपी पंकज नैन ने कहा कि गांव में लोगों को नशे से दूर करने के लिए पुलिस द्वारा अभियान चलाकर जागरूक किया जाएगा। उन्होंने कहा कि नशा केवल एक ही व्यक्ति को नहीं बल्कि पूरे परिवार को बर्बाद कर देता है। सभ्य समाज के निर्माण के लिए कोई भी व्यक्ति किसी प्रकार का नशा ना करें। उन्होंने कहा कि गांव दुबलधन के सर्वांगीण विकास के लिए गांव को झज्जर पुलिस ने गोद लिया है। यदि कोई युवक पुलिस भर्ती के लिए कोचिंग लेना चाहेगा तो उसे कोचिंग दिलाने के भी प्रबंध किए जाएंगे। यह गांव जिले का बड़ा गांव होने के नाते पुलिस की भी खास जिम्मेदारियां बढ़ जाती हैं।
-गांव पर रहेगी विशेष नजर
एसपी पंकज नैन ने कहा कि पुलिस आप सभी की मित्र एवं सहयोगी है। यदि किसी भी व्यक्ति को सुरक्षा की दृष्टि से कोई दिक्कत आती है अथवा गांव में कोई गलत काम हो रहा हो तो उसकी सूचना पुलिस दें। इस गांव पर पुलिस की विशेष नजर रहेगी। गांव को हर तरह से खुशहाल रखना आप सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। पुलिस की तरफ से हर तरह का सहयोग किया जाएगा। गांव दूबलधन को पुलिस द्वारा गोद लिया गया है। गांव की तरक्की के लिए आप सबको पुलिस के साथ मिलकर चलना है और साथ मिलकर काम करना है। -रस्साकसी में एक मिनट में हारी महिला पुलिसकर्मी
दूबलधन गांव में पुलिस की ओर से कबड्डी तथा रस्साकशी के प्रतियोगिता आयोजित की गई। महिलाओं की रस्साकसी प्रतियोगिता देखने लायक रही। प्रतियोगिता में एक तरफ गांव की महिलाओं तो दूसरी तरफ महिला पुलिस की टीम रही, जिनका नेतृत्व डीएसपी भारती डबास कर रही थी। रस्साकसी मैच में रेफरी के द्वारा सीटी बजाते ही महिलाओं ने एक मिनट से पहले ही महिला पुलिस की टीम को हरा दिया। वहीं लड़कों तथा लड़कियों की अलग-अलग कबड्डी प्रतियोगिता आयोजित की गई। इस दौरान करीब 77 वर्षीय एक व्यक्ति राम सिंह निवासी दूबलधन द्वारा शीर्षासन का शानदार प्रदर्शन किया गया। जिस पर एसपी पंकज नैन द्वारा उन्हें योगा का ब्रांड एंबेसडर बनाने की बात कही गई।
-ये रहे मौजूद
गांव में हुए कार्यक्रम के दौरान मंच का संचालन श्रीभगवान लेक्चरार रोहतक द्वारा किया गया। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक पंकज नैन आईपीएस की मुख्य मौजूदगी में शशांक कुमार सावन एएसपी बादली, डीएसपी भारती डबास, डीएसपी अजमेर सिंह सहित महावीर सिंह सरपंच बिद्यान पाना दूबलधन, सोमवीर सिंह सरपंच घिक्यान पाना दूबलधन, सुनीता देवी सरपंच किरमान पाना दूबलधन, कैप्टन राज सिंह, पूर्व सरपंच रामफल, पूर्व सरपंच ईश्वर सिंह , पूर्व सरपंच आजाद सिंह, सूबेदार धूप सिंह, नंबरदार कुलदीप सिंह, जसवंत पहलवान, पवन ब्लॉक समिति सदस्य, रामसिंह चौकीदार, रामकिशन पंच, वीरेंद्र पंच तथा मनदीप सिंह समाजसेवी आदि मौजूद रहे।